अलवर

Alwar: गरीबों के लिए बनाए 600 में से 50 फीसदी मकान अमीरों ने खरीदे, UIT ने 17 साल पहले लॉन्च की थी योजना

यूआईटी की ओर से करीब 17 साल पहले गरीबों के लिए बनाए गए फ्लैट्स में से 50 फीसदी पर अब अमीर परिवारों के कब्जे हैं।

2 min read
Sep 08, 2025
अरावली विहार में यूआईटी के फ्लैट्स। फोटो: पत्रिका

अलवर। यूआईटी की ओर से करीब 17 साल पहले गरीबों के लिए बनाए गए फ्लैट्स में से 50 फीसदी पर अब अमीर परिवारों के कब्जे हैं। यानी जिनको फ्लैट यूआईटी ने दिए थे, उन्होंने बेच दिए। प्राइम लोकेशन पर होने के कारण अमीर परिवारों ने यहां किराएदार रख दिए। फ्लैट्स की हालत जर्जर है। सुविधाओं का अभाव है।

यूआईटी ने वर्ष 2008-09 में अरावली विहार फेज प्रथम व द्वितीय योजना लॉन्च की। यह योजना गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए सूर्य नगर के मुख्य मार्ग पर ही बनाई गई थी। प्राइम लोकेशन पर बनाए गए करीब 600 आवास लॉटरी सिस्टम से दिए गए। हालांकि सभी फ्लैट्स बुक नहीं हो पाए थे।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: महाकाल-काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर होगा काली खोली धाम का कायाकल्प, खर्च होंगे 60 करोड़ रुपए

एक फ्लैट की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपए के मध्य रखी गई थी। तीन मंजिला यह फ्लैट बनकर तैयार हो गए। गरीब परिवार रहने लग गए, लेकिन सुविधाओं के अभाव के चलते लोग दूसरे एरिया में चले गए। बुद्ध विहार में भी इस योजना का विस्तार करके करीब 344 फ्लैट दिए गए, लेकिन वहां भी सुविधाओं का अभाव है। यूआईटी के अधिकारियों का कहना है कि यह प्रकरण दिखवाएंगे।

क्या बोले लोग

फ्लैट्स में रह रहे किराएदार विनोद कुमार, सत्यवीर सिंह का कहना है कि जिनको यह फ्लैट मिला था, वह किसी पैसे वाले व्यक्ति को बेच गए। उन्होंने हमें किराए पर दिया है। हम लंबे समय से यहां रह रहे हैं। यहां की निवासी सीमा का कहना है कि उन्होंने भी फ्लैट मूल आवंटियों से खरीदा है।

इस तरह अन्य परिवार भी यहां किराए पर रहते हैं। मुख्य सड़क के पास बने होने के कारण फ्लैट के खरीदार यहां आ रहे हैं। फ्लैट्स की हालत यहां ठीक नहीं है। यह जर्जर अवस्था में हैं। पानी के लिए टंकी है, लेकिन कभी आता है तो कभी नहीं। सीवर लाइन भी है, लेकिन आए दिन चोक होती है। बारिश में कई फ्लैट्स की छतें भी टपक रही हैं।

एक्सपर्ट व्यू : सुविधाओं के संचालन के लिए एसोसिएशन जरूरी

यूआईटी ने तीन मंजिला भवन बनाए थे। गरीब परिवारों को यह दिए थे। यूआईटी ने यहां सुविधाएं भी दी थी, लेकिन लोगों को इसे मेंटेन करना था, जो नहीं हो पाया। रेजीडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के जरिए यूआईटी यहां की सुविधाओं का संचालन कराए ताकि लोगों को सहूलियत मिल सके। फ्लैट्स बेचने का मामला जांच का विषय है और उसकी शर्तें भी देखी जानी चाहिए।
-प्रमोद शर्मा, रिटायर्ड एक्सईएन, यूआईटी

ये भी पढ़ें

Rajasthan: भिवाड़ी में भीषण सड़क हादसा, 5 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया; पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

Also Read
View All

अगली खबर