
अलवर। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) जीडी कांस्टेबल ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजस्थान में बड़ी कार्रवाई की है। यूपी एसटीएफ और अलवर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह के एक वांछित आरोपी को अलवर से दस्तयाब किया है। आरोपी के घर से मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन, वीजीए कार्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र लालाराम, निवासी कृष्णा कॉलोनी, देसूला (थाना एमआईए), अलवर के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट के नॉलेज पार्क थाने में दर्ज एसएससी जीडी परीक्षा में हाईटेक नकल कराने के मामले में वांछित चल रहा था।
उन्होंने बताया कि आरोपी की तलाश में उपनिरीक्षक सचिन त्यागी के नेतृत्व में यूपी एसटीएफ की टीम अलवर पहुंची थी। इसके बाद सदर थाना पुलिस ने सूचना संकलन और स्थानीय सहयोग के लिए टीम गठित कर संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को सदर थाना क्षेत्र से दस्तयाब किया। इसके बाद एमआईए थाना पुलिस के सहयोग से उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से टीएफटी स्क्रीन, वीजीए कार्ड सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए। बरामद सामग्री को जांच में शामिल कर आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए यूपी एसटीएफ के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार 22 मई 2026 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक परीक्षा केंद्र पर एसएससी जीडी ऑनलाइन भर्ती परीक्षा के दौरान तकनीकी माध्यम से नकल कराने के मामले का खुलासा हुआ था। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन तैयार करने में लोकेश की अहम भूमिका थी। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ऑनलाइन परीक्षा में मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करता था। आरोप है कि इन उपकरणों के जरिए परीक्षा केंद्र के बाहर बैठा सॉल्वर अभ्यर्थी की स्क्रीन तक पहुंच बनाकर प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराता था। लोकेश पर ऐसे उपकरण तैयार करने और नेटवर्क को उपलब्ध कराने का आरोप है। अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच के जरिए पूरे गिरोह और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।