
Jaipur Spa Raid: स्पा सेंटर से गिरफ्तार युवतियां (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
जयपुर। राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शहर के बजाज नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 युवतियों और 6 युवकों सहित कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों स्पा सेंटरों में पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था।
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जयपुर शहर में अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारसमल जैन और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा के निर्देशन में बजाज नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने गोपालपुरा मोड़ स्थित एंजिल थाई स्पा सेंटर और एके फैमिली थाई स्पा सेंटर की जांच की।
जांच के दौरान दोनों स्पा सेंटरों में निर्धारित नियमों और गाइडलाइन का उल्लंघन पाया गया। पुलिस के अनुसार स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। मौके से 11 महिलाओं और 6 पुरुषों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन सेंटरों का संचालन कब से इस तरह किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्पा सेंटर संचालकों को पहले भी कई बार पुलिस आयुक्तालय की ओर से जारी गाइडलाइन की जानकारी दी गई थी। उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी भी दी गई थी कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद दोनों स्पा सेंटरों में निर्धारित मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की गई।
बता दें कि इससे पहले गुरुवार रात में जयपुर पुलिस ने चित्रकूट, वैशाली नगर और करणी विहार थाना क्षेत्रों में एक साथ 10 स्पा और मसाज सेंटरों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में छह संचालक-मैनेजर समेत कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि शहर में संचालित सभी स्पा सेंटरों की नियमित जांच की जाएगी। यदि कोई सेंटर गाइडलाइन का उल्लंघन करता पाया गया या उसकी आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होती मिलीं तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
31 Jul 2026 10:27 pm
Published on:
31 Jul 2026 10:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
