अलवर

Video : मुख्यमंत्री ने कहा, धौलपुर की तर्ज पर लड़े जाएंगे उप चुनाव

करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक के प्रथम सत्र में सामाजिक अधिकारिता मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया।

2 min read
Oct 10, 2017
CM said will be contested on the lines of Dhaulpur
CM said will be contested on the lines of Dhaulpur

अलवर.

शहर के प्रताप ऑडिटोरियम में सोमवार को हुई भाजपा कार्यसमिति व कोर ग्रुप की बैठक कई मायनों में अहम रही। प्रदेश में तीन स्थानों पर उपचुनाव के साए में हुई बैठक में प्रदेश के भाजपा के लगभग सभी बड़े नेता एवं प्रमुख पदाधिकारी सुबह से शाम तक अलवर में जमे रहे। खुद मुख्यमंत्री व कुछ केन्द्रीय मंत्री भी बैठक में मौजूद रहे। बैठकों में पार्टी कार्यक्रमों व सरकार की योजनाओं के साथ ही संगठन के मुद्दे पर मंथन किया गया।

सुबह मुख्यमंत्री के अलवर पहुंचने के बाद बैठक शुरू हुई। सबसे पहले भाजपा कोर ग्रुप की बैठक बंद कमरे में हुई। यह बैठक करीब एक घंटा चली। इस दौरान पार्टी की ओर से पूर्व में घोषित एवं विभिन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों की क्रियान्विति व योजनाओं की समीक्षा की गई।

संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर


कोर ग्रुप की बैठक के खत्म होने के बाद ऑडिटोरियम के हॉल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन कर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर बैठक की शुरुआत की। करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक के प्रथम सत्र में सामाजिक अधिकारिता मंत्री डॉ. अरुण चतुर्वेदी ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया, इसका ज्योति किरण ने समर्थन किया।

बाद में सीकर सांसद सुमेदानंद सहित कई अन्य सदस्यों ने प्रस्ताव में संशोधन के लिए विचार रखे। बाद में राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर दिया गया। भोजनावकाश के बाद बैठक फिर से शुरू हुई तो संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से बूथ तक पहुंचने, सरकारी योजनाओं को बूथ तक लोगों को बताने सहित संगठन को मजबूत करने पर बल दिया। प्रदेश में हो रहे उप चुनाव पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धौलपुर की तर्ज पर उप चुनाव लड़े जाएंगे। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी , राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री वी. सतीश, प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने बैठक में संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर चर्चा की।

प्रदेश सह प्रभारी गोपाल शेट्टी ने केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में केन्द्रीय संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेश शर्मा, अंतरराज्यीय जल वितरण समिति के अध्यक्ष डॉ. रोहिताश्व शर्मा, श्रम मंत्री डॉ. जसवंत यादव, सामान्य प्रशासन मंत्री हेमसिंह भड़ाना, विधायक ज्ञानदेव आहूजा, बनवारी लाल सिंघल, रामहेत यादव, धर्मपाल चौधरी, मामनसिंह यादव, मंगलराम कोली, जयराम जाटव, युवा बोर्ड के उपाध्यक्ष संदीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष पं. धर्मवीर शर्मा, प्रदेश मंत्री बलवान यादव, जिला महामंत्री संजय नरूका, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजय शर्मा, विधानसभा प्रभारी अशोक गुप्ता, पुष्पराज यादव, केजी खंडेलवाल, युवा मोर्चा प्रभारी पं. जलेसिंह व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूजा यादव सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

भाजपा करेगी धरना-प्रदर्शन


इससे पहले परनामी ने बताया कि अलवर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अलवर सहित अजमेर व माडलगढ़ में होने वाले उपचुनाव पर चर्चा हुई। बैठक में जीएसटी में हुए संशोधनों की जीएसटी कौसिंल के सदस्य राजपाल सिंह शेखावत ने जानकारी दी। संगठनात्मक कार्यों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि बैठक में केरला में भाजपा कार्यकर्ताओं की जघन्य हत्या की भत्र्सना की गई। इस दौरान तय किया गया कि इसके विरोध में जयपुर में १२ अक्टूबर तथा प्रदेश के अन्य जिलों में १३ व १६ अक्टूबर को भाजपा कार्यकर्ता विरोध स्वरूप धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Updated on:
10 Oct 2017 04:31 pm
Published on:
10 Oct 2017 07:36 am