
अलवर। सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के बीच अपनी पहचान बना चुकीं इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत और उनके परिवार पर हुए हमले का मामला सुर्खियों में है। खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम क्षेत्र के सारणवास गांव में शनिवार शाम हुए इस घटनाक्रम में मीनू राज, उनके पति समेत परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने हथियारों से लैस होकर घर पर धावा बोला और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमले में मीनू राज और उनके पति कुलदीप उर्फ केडी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मीनू राज के मुताबिक, शनिवार शाम उनके घर के पास ट्रैक्टर से पशुओं के चारे के लिए बाजरे की कड़बी की कुट्टी कटवाई जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसियों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि घर के बाहर खाली जगह पर पड़ोसियों की कड़बी रखी हुई थी। इसकी दिशा मीनू राज के घर की तरफ होने से कचरा उनके घर में आ रहा था। इसी बात को लेकर उनके पति ने थ्रेशर की दिशा बदलने के लिए कहा था।
आरोप है कि शुरुआत में हुई कहासुनी ने कुछ ही देर में गंभीर विवाद का रूप ले लिया। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले लोग लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, तलवार, फरसी और लोहे के सरिए लेकर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।
मीनू राज ने पड़ोस में रहने वाले बल्लू, लेखराज, धन्नो और राकेश समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। इस घटना में मीनू राज के अलावा उनके पति कुलदीप, ससुर बाबूलाल प्रजापत और जेठ धनराज घायल हुए हैं। परिजन चारों को पहले किशनगढ़बास के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए अलवर रेफर कर दिया। सभी घायलों का राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में उपचार कराया गया।
घटना के बाद मीनू राज ने अपने परिवार के साथ हुई घटना की जानकारी दी। उन्होंने परिवार पर हुए हमले को लेकर आपबीती बताई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा और न्याय के लिए गुहार लगाई।
मीनू राज प्रजापत सोशल मीडिया की चर्चित इन्फ्लुएंसर हैं। वह मनोरंजन से जुड़े वीडियो और अन्य कंटेंट बनाती हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इंस्टाग्राम पर उनके करीब 23 लाख, फेसबुक पर 58 लाख और यूट्यूब पर 26 लाख फॉलोअर्स व सब्सक्राइबर्स हैं। इस तरह तीनों प्लेटफॉर्म पर उनकी कुल पहुंच 1 करोड़ 7 लाख से अधिक है।