
लखनपुर. ग्राम बिनकरा-गुमगरा मार्ग पर मंगलवार की शाम तेज रफ्तार दो बाइक में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका उपचार अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। इस हादसे से मृतकों के परिजन सदमे में हैं।
सरगुजा जिले के लखनपुर थानांतर्गत ग्राम बगदरी निवासी 32 वर्षीय जयकरण पिता जयराम गोड़ एक अन्य युवक के साथ मंगलवार की रात लगभग 7.30 बजे डिस्कवर बाइक से गुमगरा बाजार से वापस घर लौट रहा था।
इसी दौरान रास्ते में विपरीत दिशा से आ रहे पल्सर बाइक सवार दो युवक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से जयकरण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पल्सर बाइक सवार संजय सहित 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेजा।
यहां से संजय की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया गया। रायपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अन्य २ घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
दो परिवारों में पसरा मातम
बुधवार को पुलिस ने शवों का पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया। इस घटना से मृतकों के परिजन सदमे में हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।