होलीक्रॉस स्कूल के फार्म हाउस स्थित तालाब में पत्थर बंधी मिली थी वृद्ध कर्मचारी की लाश, बार-बार शराब मंगाने से थे परेशान
अंबिकापुर. ससुर द्वारा बार-बार शराब मंगाने से परेशान होकर सौतेली सास के साथ मिलकर दामाद ने ससुर की हत्या कर शव को होलीक्रॉस फार्म हाउस के तालाब में फेंक दिया था। वहीं दामाद का अपनी सौतेली सास से 1 साल से पे्रम-संबंध चल रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने जुर्म दर्ज होने के १५ घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं यह घटना शराबखोरी की लत की वजह से घटित हुई। आरोपी दामाद ने जो बताया उसके अनुसार गांधीनगर पुलिस अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर पूरी तरह से मेहरबान नजर आ रही है।
गौरतलब है कि सोमवार को होलीक्रॉस फार्म हाउस के तालाब में वहीं काम करने वाले ग्राम टपरकेला निवासी बुधराम उर्फ बुद्धू 60 का शव मिला था। मृतक शुक्रवार से अपने घर से लापता था। सोमवार की सुबह फार्म हाउस में काम करने वाले एक कर्मचारी ने तालाब में शव को तैरते हुए देखा तो उसने इसकी जानकारी फार्म हाउस की देखरेख करने वाले कर्मचारी को दी। पुलिस ने मामले में शिकायत पर जुर्म दर्ज करते हुए विवेचना शुरू कर दी थी।
एसएसपी द्वारा इस मामले की जांच हेतु क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने पूछताछ करने के बाद मामले मेें मृतक के बकीरमा के बटुआबूड़ा निवासी दामाद ४५ वर्षीय जयराम कुजूर को उसके घर से गिरफ्तार किया। वहीं मृतक की दूसरी पत्नी हरमनिया को भी धारा ३०२ व २०१ के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में एएसपी रामकृष्ण साहू, गाधीनगर टीआई धनश्याम कामड़े, सुरेश भगत, एएसआई समरेन्द्र सिंह, क्राइम ब्रंाच प्रभारी भूपेश सिंह, प्रधान आरक्षक रामअवध सिंह, धीरज गुप्ता, विकास सिंह, जयदीप सिंह, उपेन्द्र सिंह, विवेक राय, मनीष यादव व अमित विश्वकर्मा शामिल थे।
शराब के लिए हुआ था पूरा विवाद
आरोपी जयराम कुजूर ने बताया कि शुक्रवार की शाम उसका ससुर बुधराम उर्फ बुद्धु शराब के नशे में धुत्त था। उसने शाम को और शराब मंगाई। जयराम व हरमनिया २ बोतल शराब लेकर आए। इसे पीने के बाद फिर से बुधराम उर्फ बुद्धु ने फिर से उन्हें शराब लाने को कहा। इसके बाद फिर से शराब मंगाई। ऐसा उसने चार से पांच बार किया। इसके बाद नशे में पत्नी हरमनिया की पिटाई शुरु कर दी।इसके लिए उसने चाकू भी उठाया था।
बीच-बचाव पर जयराम व बुधराम के बीच विवाद होने लगा। नशे में ही जयराम ने उसके सिर पर लात मार दी, जिससे वह बेहोश हो गया, इसके बाद वह नहीं उठा। उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए साइकिल में वह और हरमनिया पत्थर से बांधकर तालाब के पास शुक्रवार की रात में ही ले गए। तालाब में नीचे उतरकर उन्होंने शव को डाल दिया। इसके बाद दोनों घर वापस लौट गए।
एक वर्ष से था सौतेली सास के साथ प्रेम संबंध
आरोपी द्वारा पुलिस को जो जानकारी दी गई, उसके अनुसार जयराम का अपनी सौतेली सास से एक वर्ष पूर्व से प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी भी उसके ससुर को थी। लेकिन शुक्रवार को शराब की वजह से उसने व हरमिनया ने मिलकर उसे मार डाला।
फार्म हाउस के सामने स्थित ढाबे से लाया था शव
एडिशनल एसपी को आरोपी ने बताया कि वह सामने स्थित ढाबे से शराब लाया था। इसके पूर्व भी जब वह ससुर के पास आता था, तो वह उसी ढाबे से शराब लाता था। शराबखोरी करने वालों को तो ढाबे की जानकारी थी, लेकिन गांधीनगर पुलिस जो चुस्त गश्त का दावा करती है, उसे ही इस ढाबे में शराब बिकने की जानकारी नहीं है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ढाबे में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की जानकारी पुलिस को भी है, लेकिन वह जानबूझकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।