अंबिकापुर

धनतेरस में खुशियां खरीदने आ रहीं 2 सगी बहनों की ट्रक के पहिए से कुचलकर दर्दनाक मौत

अंबिकापुर-राजपुर मार्ग पर ग्राम असोला के पास हुआ हादसा, जीजा व दीदी के साथ बाइक पर किशोरी आ रही थी अंबिकापुर
2 min read
woman death in Medical college
Woman death in hospital

अंबिकापुर. धनतेरस में खुशी-खुशी खरीददारी करने अंबिकापुर आ रही 2 सगी बहनों की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बड़ी बहन का पति भी घायल हो गया। हादसे के बाद त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गईं।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब है कि 17 वर्षीय बहन सोमवार को ही अपने दीदी-जीजा के घर गई थी। वह बाइक पर सवार होकर शहर आ रही थी।


दरिमा रोड स्थित ग्राम सखौली निवासी लीलावती पिता टिलेश्वर 17 वर्ष सोमवार को धौरपुर के बकनाखुर्द स्थित अपने दीदी-जीजा के घर घूमने गई थी। मंगलवार की सुबह जीजा मंगल दास 28 वर्ष ने पत्नी सलको दास 25 वर्ष व लीलावती से कहा कि आज धनतेरस है, चलो अंबिकापुर खरीददारी करने चलते हैं।

इसके बाद तीनों करीब 10.30 बजे बाइक में अंबिकापुर आ रहे थे। तीनों राजपुर-अंबिकापुर मार्ग पर ग्राम असोला के पास पहुंचे ही थो कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी 15 AC-4283 के चालक ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर से लीलावती व सलको दास सड़क पर जा गिरे और ट्रक के पहिए से कुचल गए, जबकि मंगल दास सड़क किनारे गिरा। हादसे में लीलावती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर सलको गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सलको को अपने वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची।

यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक यूपी के बभनी निवासी दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर धारा 304ए के तहत कार्रवाई की। घटना की सूचना पर कोतवाली के नवपदस्थ टीआई विनय सिंह भी अस्पताल पहुंचे थे।


गांव में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही दोनों परिवारों के परिजनों को लगी, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना में 2 बहनों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पल भर में ही दोनों परिवार की धनतेरस की खुशियां मातम में बदल गईं।


बाइक की टक्कर से साइकिल सवार भी घायल
ट्रक की टक्कर से बाइक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे जा रहे साइकिल सवार ग्राम भकुरा निवासी शैलेंद्र 30 वर्ष को टक्कर मार दी। इससे साइकिल सवार भी गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका भी इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

Published on:
17 Oct 2017 02:41 pm