
अंबिकापुर. कलाकेंद्र मैदान में आयोजित राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ को बिना जानकारी दिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा आर्टिस्ट की संख्या बढ़ाने के साथ ही कार्यक्रम में फेरबदल कर दिया गया था। इसकी जानकारी जब सीईओ को लगी तो उन्होंने डीईओ व शिक्षा विभाग के एमआईएस प्रशासक पर उनकी बिना जानकारी कार्यक्रम में फेरबदल का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का सहायक नोडल अधिकारी होने के नाते उन्होंने प्रोग्राम की पूरी रूपरेखा तय की थी, फिर इसमें बदलाव क्यों किया गया। इसे लेकर डीईओ व एमआईएस प्रशासक उनसे बहस करने लगे। इससे वहां काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। इस दौरान सीईओ ने कहा कि शिक्षा विभाग में बहुत गलत काम हो रहे हैं।
अंबिकापुर के कलाकेंद्र मैदान में 3 नवंबर को धूमधाम से राज्योत्सव मनाया गया। राज्योत्सव का उद्घाटन गृहमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री रामसेवक पैंकरा ने किया। राज्योत्सव में विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी कलक्टर किरण कौशल तथा सहायक नोडल जिला पंचायत सीईओ अनुराग पांडेय थे। सीईओ ने ही कलक्टर के मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई थी।
देर रात जब राज्योत्सव का समापन हुआ तो सीईओ सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिना उनकी जानकारी के फेरबदल को लेकर नाराज दिखे। उन्होंने मैदान में ही डीईओ व शिक्षा विभाग के एमआईएस प्रशासक डीके राय पर कार्यक्रम में फेरबदल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बिना उनकी जानकारी के कार्यक्रम में जहां 40 आर्टिस्ट बढ़ाए गए वहीं कार्यक्रम में भी फेरबदल किया गया।
रुपए की कमी के कारण स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में मौका देना था लेकिन उन्होंने प्रोफेशनल आर्टिस्टों को भी बुला लिया। इसे लेकर उन्होंने डीईओ व एमआईएस प्रशासक से सवाल किए।
उन्होंने कहा कि जब कार्यक्रम के वे सहायक नोडल हैं और उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई है तो इसमें फेरबदल क्यों किया गया। इस पर डीईओ व एमआईएस प्रशासक उनसे बहस करने लगे। उनका कहना था कि उन्होंने कार्यक्रम में फेरबदल नहीं किया। इस दौरान तीनों के बीच काफी देर तक जुबानी जंग हुई।
शिक्षा विभाग में हो रहा गलत काम
नाराज जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि शिक्षा विभाग में बहुत गलत काम हो रहे हैं। यह हर कोई बोल रहा है, लेकिन कोई बताने को तैयार नहीं है। उन्होंने किसी पैंकरा का नाम लेते हुए कहा कि 'पैंकरा जी, बताओ किसने कहा।' इस दौरान उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम में फेरबदल करना रहे तो नोडल अफसर ही बदल लिया करो।