
अंबिकापुर. भिलाई से अपने पिता का शोक संदेश लेकर गुरुवार को अंबिकापुर पहुंची युवती के साथ शाम को परिचित युवक ने शराब पिलाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने उसके साथ जमकर मारपीट भी की। वह भागते हुए महामाया मंदिर इलाके में पहुंची तो कुछ लोगों ने उसे बचाया।
भागने के दौरान वह इतनी थक चुकी थी कि थाने पहुंचने से पहले ही वह बेहोश हो गई। इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां पुलिस द्वारा उसका बयान दर्ज किया गया। पुलिस ने युवक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरु कर दी है।
भिलाई की 22 वर्षीय युवती के पिता का निधन कुछ दिन पूर्व हो गया था। पिता की मृत्यु का शोक संदेश बांटने वह गुरुवार को अंबिकापुर पहुंची थी। वह शाम को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर, सलका जा रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात अंबिकापुर के मायापुर निवासी युवक नंदलाल से हुई।
उसने युवती से कहा कि वह उसे छोड़ देगा। इसके बाद उसने युवती को बाइक में बैठाया और बांकी डेम स्थित गांव ले गया। इस दौरान देर शाम हो गई थी तो युवक ने कहा कि अब खाना खाकर यहां से निकल चलेंगे। इसके बाद युवक बियर पीने लगा और युवती को भी पिलाने लगा। युवती ने जब उससे कहा कि वह शराब नहीं पीती है तो युवक उससे जबरदस्ती करने लगा।
वह युवती से दुष्कर्म करना चाहता था। युवती ने जब इसका विरोध किया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी। किसी तरह युवती अपने आप को युवक के चंगुल से बचाकर वहां से भाग निकली। भागते हुए वह महामाया मंदिर इलाके में झाडिय़ों में छिप गई। इस दौरान पीछा कर रहे युवक की नजर उस पर पड़ गई और वह फिर युवती पर टूट पड़ा।
युवती जब जोर से चिल्लाई तो आस-पास के लोग दौड़कर पहुंचे। यह देख युवक वहां से फरार हो गया। इसके बाद युवती ने गांधीनगर निवासी परिचय की अपनी दीदी को मोबाइल पर सूचना दी। फिर दीदी के साथ रात 8.30 बजे वह उसके घर चली गई। फिर थाना जाने के दौरान चौपाटी के पास वह बेहोश हो गई।
इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां अस्पताल सहायता केंद्र प्रभारी निर्मला कश्यप ने उसका बयान दर्ज किया। पुलिस ने युवती का मुलाहिजा भी कराया। युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने युवक की खोजबीन शुुरु कर दी है।