अंबिकापुर

राजनीति के 3 धुर विरोधी टीएस, छोटे जोगी व भाजपा मंत्री गले में मांदर टांगे नाचे एक साथ

कुड़ुख लिटरेसी सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा कलाकेंद्र मैदान में आयोजित करमा नृत्य का लिया आनंद, राजनीति को परे रखकर साझा किया मंच
2 min read
• •
Updated: 16 Oct 2017, 10:15 AM IST
TS Singhdeo, Amit Jogi and Anurag Singhdeo dance
TS Singhdeo and other leader dance together

अंबिकापुर. कुड़ुख लिटरेसी सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा कलाकेंद्र मैदान में रविवार को आयोजित तीन दिवसीय 12वें राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसमें राजनीति के क्षेत्र में एक-दूसरे के धुर विरोधी नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, मरवाही विधायक अमित जोगी व भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव ने एक साथ न केवल मंच साझा किया, बल्कि सरगुजा के पारम्परिक वाद्य यंत्र मांदर की थाप पर नगर के कलाकेंद्र मैदान में झूमते नजर आए।

गले में मांदर टांगे अमित जोगी ने करमा नृत्य करते हुए गाना भी गाया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य उरांव समाज की प्रमुख भाषा कुडुख़ को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल कराना था।


कलाकेंद्र मैदान में रविवार को कुड़ुख़ लिटरेसी सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन का समापन हुआ। इस दौरान समाज के लोगों ने राजमोहिनी भवन से विशाल रैली निकाली। रैली उपरांत उरांव समाज ने अपने पारंपरिक लोक कला करमा नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति देकर अपनी सभ्यता व संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अतिथि नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, अमित जोगी, भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, अमरजीत भगत ने भी करमा नृत्य में न केवल शामिल हुए, बल्कि इसका आनंद भी लिया। इस दौरान टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस आधुनिकता के दौर में समाज की सभ्यताएं सिकुड़ती जा रहीं हंै।

कुड़ुख उरांव समाज का इतिहास भी हजारों साल पुराना है। आज विज्ञान इतनी तरक्की कर चुका है। इसके बावजूद समाज की भाषा व संस्कृति को बचाकर रखा गया है।

भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि देश के 12 राज्यों से आए उरांव समाज के पदाधिकारी ने कुडुख़ भाषा पर लगातार 3 दिनों तक मंथन किए और आज इस मैदान में एक समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाई। इस दौरान महापौर डॉ. अजय तिर्की, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


मांदर की थाप पर जमकर नाचे
कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष, विधायक अमरजीत भगत, अमित जोगी, भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत सरगुजा उपाध्यक्ष प्रभात खलखो गले में मांदर टांगे कलाकेंद्र मैदान में उतर गए। इस दौरान एक-दूसरे के धुर विरोधी राजनीति से परे हटकर करमा की धुन पर वे जमकर थिरके।

Updated on:
16 Oct 2017, 10:15 AM IST
Published on: