
बतौली. अंबिकापुर-रायगढ़ एनएच-43 इन दिनों कीचड़ से सराबोर है। इस मार्ग पर आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। ऐसा ही हादसा शुक्रवार को बतौली से एक किलोमीटर दूर कन्या हाईस्कूल के समीप हुआ। बाइक सवार एक युवक एनएच पर जा रहा था।
इसी दौरान वह कीचड़ से फिसलकर सड़क निर्माण कंपनी द्वारा पुलिया के लिए खोदे गए गड्ढे में वाहन सहित जा गिरा। वह बाइक सहित कीचड़ में जा धसा। यह देख आस-पास के दुकानदारों व राहगीरों ने उसे रस्सी से खींचकर किसी तरह बाहर निकाला। वह पूरी तरह से कीचड़ से सन गया था।
जानकारी के अनुसार बतौली से लगे ग्राम झरगवां निवासी संदीप चौकीदार पिता प्रदीप 18 वर्ष शुक्रवार की सुबह बाइक से एनएच-43 पर जा रहा था। वह बतौली से आगे कन्या हाईस्कल के पास पहुंचा ही था कि कीचड़ होने के कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरा। यह गड्ढा सड़क निर्माण कंपनी द्वारा पुलिया के लिए खोदकर छोड़ा गया था।
गड्ढे में घूटने से भी ऊपर तक पानी और कीचड़ जमा था। गड्ढे में गिरते ही वह कीचड़ से पूरी तरह सन गया। युवक को गिरते देख आस-पास के दुकानदार व राहगीर दौड़कर वहां पहुंचे। उन्होंने रस्सी के सहारे युवक को बाहर निकाला, जबकि बाइक घंटों कीचड़ में ही फंसी रही।
युवक कीचड़ से निकला और पास के ही घर से बाल्टी में पानी लाकर नहाया। इसके बावजूद उसके शरीर पर काफी कीचड़ लगा था। बाद में ग्रामीणों की मदद से बाइक को बाहर निकाला गया।
बारिश में एनएच बना परेशानी का सबब
अंबिकापुर-रायगढ़ एनएच का निर्माण कार्य धीमी गति से होने के कारण बारिश में कीचड़ में तब्दील हो चुका है। इससे हर दिन उसमें वाहन फंस रहे हैं तथा सड़क पर जाम लग रहा है। कीचड़ के कारण बाइक सवारों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कीचड़ भरे एनएच से गुजरने के दौरान बाइक सवार अनियंत्रित हो गिरकर घायल हो रहे हैं।