558 में से 530 अधिवक्ताओं ने किया अपने मत का प्रयोग, आरएल प्रसाद सचिव तो विनोद दुबे बने उपाध्यक्ष
अंबिकापुर. सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में एक बार फिर से पूर्व अध्यक्ष अशोक दुबे पर वकीलों ने विश्वास जताया है। अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद उन्होंने राजस्व न्यायालय में फैली भर्राशाही को समाप्त करने की बात कही और न्यायालय में न्याय का राज्य स्थापित कर पुराने लंबित कार्यों को पूर्ण करने की प्राथमिकता जताई।
सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के विभिन्न पदों के लिए शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के अधिवक्ता कक्ष में निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हुई। सुबह 10.30 बजे से चुनाव को लेकर कोर्ट परिसर में काफी गहमा-गहमी थी। अध्यक्ष पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में थे। इसकी वजह से मुकाबला रोचक होने की संभावना थी। लेकिन इस पद के लिए सिर्फ अशोक दुबे व राजवर्धन सिंह के बीच मुकाबला ही देखने को मिला।
मतगणना के बाद मुख्य चुनाव अधिकारी पीआर कश्यप द्वारा जब परिणामों की घोषणा की गई तो अधिवक्ताओं द्वारा एक बार फिर से पूर्व अध्यक्ष अशोक दुबे पर अपना विश्वास जताया गया। अशोक दुबे को 280 मत प्राप्त हुए, जबकि राजवर्धन सिंह को महज 139 मत प्राप्त हुए। इस तरह 141 मत से जीत दर्ज कर अशोक दुबे विजेता बने। वहीं मनेन्द्र किशोर मेहता को 63 मत व बृजेन्द्र पाठक को 48 मत प्राप्त हुए।
उपाध्यक्ष पद के लिए विनोद दुबे व नीरज वर्मा ही चुनाव में थे। इसमें विनोद दुबे को 330 व नीरज वर्मा को 215 मत ही प्राप्त हुए। महिला उपाध्यक्ष पद के लिए आशा तिवारी को सबसे अधिक मत 244 मत प्राप्त हुए, जबकि अमरेश राजवाड़े को 187 व ज्योति सिंह को 94 मत प्राप्त हुए।
पूरी चुनाव प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी पीआर कश्यप की देखरेख में सहायक चुनाव अधिकारी एजी कुरैशी, परवेज खान, श्रवण कुमार गुप्ता, अनिल कुमार श्रीवास्तव, विवेक सिंह, वेदप्रकाश सिन्हा, अलंकार शर्मा, अरविंद कन्नोजिया, अमित विश्वकर्मा, पंकज गुप्ता, विनय दुबे, मानो शर्मा, लक्ष्मी सिन्हा, संगीता सोनी व मनोज कुमार सिंह द्वारा कराई गई।
आरएल प्रसाद बने सचिव
सचिव पद के लिए हुए चुनाव में आरएल प्रसाद को 201, अनिल कुमार शुक्ला को 142 व मो. शाहिद खान को 184 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर आरएल प्रसाद ने जीत दर्ज की। जबकि सह सचिव पर अशोक कुमार ठाकुर को 261 व संदीप कुमार तिवारी को 258 मत मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर अरविन्द कुमार सिंह को 277, प्यारे लाल यादव को 183 व शैलेन्द्र वर्मा को 66 मत प्राप्त हुए। जबकि ग्रंथपाल पद पर सम्पूर्णांक गुप्ता को 231, धनसाय ठाकुर को 103 व संजय श्रीवास्तव को 193 मत प्राप्त हुए। सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के लिए उमर हयात अली को 159 व उपेन्द्र पाण्डेय को 364 मत प्राप्त हुए।
सभी को एकजुट कर करेंगे न्याय की स्थापना
जीत के बाद अध्यक्ष अशोक दुबे ने कहा कि उनकी प्राथमिकिता राजस्व न्यायालय में चल रहे भर्राशाही के खिलाफ अधिवक्ताओं को एकजुट कर लड़ाई लडऩी है। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के साथ कर्मचारियों व अधिकारियों से सुचारू रूप से काम कराना व न्याय की स्थापना करना ही उनकी प्राथमिकता होगी।