पॉश कॉलोनी में स्थित घर का ताला बंद कर व्यवसायी परिवार सहित गया था उज्जैन, 3 दिन बाद घर लौटा तो हो चुकी थी ये घटना
अंबिकापुर. होली पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच शहर के पॉश कॉलोनी कुंडला सिटी से चोरों ने नगद व सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। मकान मालिक जब उज्जैन से वापस लौटे तो तब उन्हें पता चला कि उनके घर में चोरी हो गई है। उन्होंने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। देर शाम पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे। जांच पश्चात पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
अंबिकापुर के पॉश एरिया कुंडला सिटी के बी-2 के मकान नम्बर बीडब्ल्यू-6 में रहने वाले व्यवसायी धनराज डागा अपने परिवार सहित 27 फरवरी की शाम को उज्जैन अपने गुरु के दर्शन करने गए थे। धनराज डागा जब 3 मार्च की शाम घर लौटे तो देखा कि घर के सामने के गेट का ताला टूटा हुआ था। भीतर घुसे तो सभी कमरे का ताला और वहां रखीं 3 अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।
अलमारी में रखा सामान चारों तरफ बिखरा पड़ा हुआ था। यह देख उनके होश उड़ गए। अलमारी में रखे हुए लगभग ३० हजार रुपए नगद व लाखों रुपए का स्वर्ण आभूषण पार हो चुके थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली पुलिस सहित एडिशनल एसपी रामकृष्ण साहू व सीएसपी आरएन यादव भी कुंडला सिटी पहुंच गए।
उनके द्वारा आसपास पूछताछ भी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सम्भवत: चोर किचन के रास्ते पीछे की तरफ से घर में प्रवेश किए होंगे।
फिर टूटे 3 ताले व अलमारी
सप्ताहभर पूर्व भी नगर के हाउसिंग बोर्ड नमनाकला के सूने मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया था। वहां भी चोरों ने मकान के 3 ताले तोडऩे के साथ आलमारी को तोड़कर उसमें रखे नगदी व स्वर्ण आभूषण पार कर दिए थे। उसके 12 दिन बाद ही शहर के पॉस एरिया कुंडला सिटी में चोरों ने उसी तर्ज पर पूरे वारदात को अंजाम दिया और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
ये सामान हुए चोरी
व्यवसायी के घर से अलमारी में रखे 20 हजार रुपए नगद, 3 सोने की चेन, 4 अंगूठी, 3 गले का हार, 3 सेट सोने के कंगन, 70 चांदी के सिक्के, 5 चांदी के पायल चोरों ने पार कर दिए।
पुलिस के कहने पर भी नहीं रखा गार्ड
इसके पूर्व भी कुंडला सिटी में कई घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरा लगाने व गार्ड रखने की हमेशा सलाह दी गई लेकिन आज तक न तो यहां गार्ड रखा गया है और न ही सभी जगह जहां से आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। उसके लिए सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं। इसकी वजह से कुंडला सिटी हमेशा अपराधियों के निशाने पर रहती है।
पुलिस की सुरक्षा पर उठे सवाल
पुलिस ने होली के पूर्व शहर में फ्लैग मार्च निकाल शहर के अंदर शांति व्यवस्था बनाए रखने का दावा किया था। इसके साथ ही शहर में जगह-जगह पुलिस बल लगाया गया था। इसके बावजूद चोरों ने शहर के पॉश एरिया में इतने बड़े वारदात को अंजाम दे दिया। जबकि समीप ही अग्रसेन चौक पर २४ घंटे गश्त लगाया गया था। लोग आए दिन हो रही चोरी पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की चुस्ती पर सवाल खड़े करने लगे हैं।