अंबिकापुर

CG incident: हाथियों की चिंघाड़ सुनकर छत पर चढ़ रही महिला सीढिय़ों से फिसलकर गिरी, मौत

CG incident: रात में बस्ती में हाथियों के आ जाने के बाद मची अफरा-तफरी, जान बचाने महिला चढ़ रही थी सीढिय़ां, अचानक फिसलकर गिरी और गंभीर रूप से हो गई थी घायल
2 min read
• •
Updated: 28 Jul 2024, 6:53 PM IST
CG incident

अंबिकापुर. CG incident: मैनपाट के कंडराजा गांव में शनिवार की रात हाथियों (Elephants in Mainpat) का दल पहुंच गया। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक महिला बचने के लिए जल्दबाजी में छत पर सीढ़ी लगाकर उसपर चढ़ रही थी, इसी बीच अचानक वह फिसलकर जमीन पर गिर (CG incident) गई। हाथियों के डर से उसे अस्पताल नहीं ले जाया जा सका, ऐसे में रातभर वह घर में ही पड़ी रही। सुबह जब परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


गौरतलब है कि मैनपाट के कंडराजा गांव में लंबे समय से हाथियों का आना-जाना लगा रहता है। हर वर्ष हाथियों द्वारा यहां ग्रामीणों के मकान को ध्वस्त किया जाता था। ऐसे में शासन द्वारा यहां के ग्रामीणों के लिए पक्के मकानों की कॉलोनी बना दी गई है, ताकि हाथियों से उन्हें किसी तरह का नुकसान न हो।

इस कॉलोनी में पहाड़ी कोरवा, पंडो व मझवार जनजाति के लोग रह रहे हैं। शनिवार की रात करीब 9 बजे हाथियों का दल ग्राम कंडराजा स्थित कॉलोनी के पास पहुंचा। हाथियों की चिंघाड़ सुनकर ग्रामीण सुरक्षित ठिकाना ढूंढने लगे।

इसी बीच 45 वर्षीय महिला रिझो बाई हाथियों से बचने छत पर जाने सीढिय़ां चढऩे लगी और फिसलकर जमीन पर गिर गई। गिरने से उसके सीने सहित शरीर में अंदरुनी चोटें आईं।

डर से रात में नहीं ले गए अस्पताल

दर्द से महिला रातभर कराहती रही। इधर परिजन हाथियों के डर से उसे अस्पताल नहीं ले जा पाए। रविवार की अलसुबह महिला को लेकर वे नर्मदापुर अस्पताल पहुंचे। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Updated on:
28 Jul 2024, 6:53 PM IST
Published on: