
Ambikapur crime, प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर, दुर्गावाड़ी निवासी मामा-भांजे के साथ 20 अक्टूबर की रात बाइक सवारों ने मारपीट की थी। इस मामले (Beaten in Ambikapur) में पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दोनों युवक गांधीनगर थाने के पास बनारस रोड पर बाइक से गिर गए थे। आवाज सुनकर युवक बाहर निकला और उनसे हाल-चाल पूछने लगा। इस पर दोनों ने उसकी पिटाई शुरु कर दी। यह देख जब उसका भांजा बचाने पहुंचा तो उस पर भी ईंट से हमला कर दिया। मारपीट में मामा-भांजे को चोटें आई थीं।
गांधीनगर थाने के सामने दुर्गावाड़ी मंदिर के पास रहने वाला अमित मंडल 20 अक्टूबर की रात अपने भांजा राजा के साथ मंदिर से आकर खाना खा रहा था। इसी बीच बनारस मुख्य मार्ग (Banaras road) पर बाइक से किसी के गिरने की आवाज सुनकर दोनों बाहर निकले। उन्होंने देखा कि 2 युवक सडक़ पर गिरे हुए हैं, उनकी बाइक भी पास में ही पड़ी है। दोनों को उठाने के बाद अमित ने उनसे पूछा कि कहां जा रहे हो?
इस बात पर दोनों नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम हमसे ये सवाल पूछने वाले कौन होते हो? इसी बीच बाइक सवारों ने कहा कि वे अमित मंडल के रूम में रहते हैं। बाइक सवारों ने जिस प्रकार उसका नाम लिया तो संदेह की स्थिति बनी और पूछा कि अमित मंडल कैसा दिखता है। इस पर दोनों आक्रोश में आ गए और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे मारपीट शुरु कर दी।
यह देख भांजा बीच-बचाव करने आया तो उस पर भी ईंट से हमला (Brick attack) कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मुकेश मंडल ने मामला शांत कराया। बाद में बाइक सवारों ने खुद को बौरीपारा निवासी उत्तम सोनी और महात्मा होना बताया। मारपीट में दोनों को गले और सीने में चोट आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर गांधीनगर थाना अंतर्गत नवापारा में एक युवक की गुटखा नहीं देने की बात पर दूसरे ने पिटाई (Beaten for Gutkha) कर दी। दरअसल गंगापुर सुभाश चौक निवासी प्रिंस डेविड बरवा टेंट में मजदूरी करता है। 27 अक्टूबर की शाम 4 बजे के वह स्कूटी से अपनी बहन को लेने सेंट जेवियर स्कूल नवापारा जा रहा था। इस दौरान नवापारा चर्च मैदान के पास एक युवक मिला, उसने उसे रोक कर गुटखा की मांग की।
इस पर उसने कहा कि उसके पास गुटखा नहीं है। इसी बात पर वह नाराज हो गया और हाथ-मुक्का और डंडे से उसकी पिटाई कर दी। बहन को स्कूल से घर लेकर आने के बाद उसने नवापारा में रहने वाले दोस्त को इसकी जानकारी दी। आरोपी युवक की पहचान दोस्त के माध्यम से प्रणव पंडित के रूप में हुई। पीडि़त युवक ने मामले की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है।
Updated on:
28 Oct 2026, 9:00 PM IST
Published on:
28 Oct 2026, 9:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.