
अंबिकापुर. कोरोना (Covid-19) को लेकर जिले में स्थिति अब गंभीर होती जा रही है। मरीजों को अस्पताल में बेड नहीं मिल रहे हैं। निजी अस्पताल का कोविड वार्ड मरीजों से भरा पड़ा है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी बेड लगभग भर चुके हैं। लोगों को बेड के लिए सिफारिश लगानी पड़ रही है।
वहीं मेडिकल कॉलेज अस्पताल (Medical college hospital Ambikapur) में कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर दिन मौत के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार 7 कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इस तरह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में संभाग के कुल 199 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को जारी मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार मनेन्द्रगढ़ कोरिया निवासी 74 वर्षीय महिला को 30 अपै्रल की मध्य रात को भर्ती कराया गया था। यहां भर्ती होने के कुछ देर बाद उसकी मौत (Death from corona) हो गई। अंबिकापुर निवासी 45 वर्षीय युवक को २३ अपै्रल को भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान 30 अपै्रल की मध्य रात 2.30 बजे मौत हो गई। लखनपुर निवासी 30 वर्षीय युवक को 28 अपै्रल को भर्ती कराया गया था।
यहां 29 अपै्रल की रात 11 बजे मौत हो गई। रामनगर सूरजपुर निवासी 46 वर्षीय महिला को 28 अपै्रल को भर्ती कराया गया था, इलाज के दौरान 29 अपै्रल की रात 11.30 बजे मौत हो गई। लखनपुर निवासी 65 वर्षीय महिला को 30 अपै्रल को भर्ती कराया गया था। यहां भर्ती के कुछ देर बाद दोपहर 1 बजे मौत हो गई।
वहीं गांधीनगर निवासी 56 वर्षीय व्यक्ति को 29 अपै्रल को भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान 30 अपै्रल की शाम5 बजे मौत हो गई। जबकि बलरामपुर निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को 23 अपै्रल को भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान 30 अपै्रल की शाम 6.30 बजे मौत हो गई।
199 पहुंची मृतकों की संख्या
सरगुजा जिले के अंबिकापुर कोविड अस्पताल (Ambikapur Covid Hospital) में कोरोना संक्रमित मृतकों की संख्या 199 पहुंच गई है। इसमें सरगुजा संभाग के संक्रमित शामिल हैं। इधर कोरोना संक्रमितों के हर दिन मिलने का सिलसिल भी जारी है। जिले में हर दिन 450 से 500 मरीज मिल रहे है।