
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के युवाओं को खेलों से जोडऩे और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से गुरुवार को पीजी कॉलेज मैदान में सरगुजा ओलंपिक 2026 (Surguja Olympic 2026) का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मशाल प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस वर्ष आयोजन के लिए 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है। इस दौरान डिप्टी सीएम ने सरगुजा में जल्द खेल अकादमी शुरू करने की घोषणा भी की।
‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ आयोजित समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाडिय़ों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। शुभारंभ के बाद जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता हुई।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव (Chhattisgarh Deputy CM) ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे आत्मविश्वास, अच्छा स्वास्थ्य, अनुशासन, योग्यता और सम्मान मिलता है। खेल के मैदान से कोई भी व्यक्ति खाली हाथ नहीं लौटता। हर व्यक्ति को अपने जीवन में खेल को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलंपिक के लिए 4.16 लाख से अधिक युवाओं का पंजीयन क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया है, जबकि खेल विज्ञान और अधोसंरचना के विकास के लिए 250 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य किए जा रहे हैं। सरगुजा में जल्द खेल अकादमी (Sports Academy) शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा।
मंत्री राजेश अग्रवाल (Minister Rajesh Agrawal) ने कहा कि सरगुजा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। गांव के मैदानों से निकलकर खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। सरगुजा ओलंपिक उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा। लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। हार-जीत से ज्यादा जरूरी प्रतियोगिता में भाग लेना और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। उन्होंने खिलाडिय़ों से मेहनत, ईमानदारी और खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया।