
अंबिकापुर/भटगांव. भटगांव थाना स्टाफ उस समय सकते में आ गया जब एक वृद्ध कुत्ते की लाश लेकर थाने पहुंच गया। वह अपने 2 बेटों के खिलाफ एफआईआर कराने पहुंचा था। उसका आरोप था कि उसके बेटों ने कुत्ते की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। हालांकि थाने से उसे लाश के साथ वापस भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में दोनों बेटों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पालतू जानवर (कुत्त्ते) की मोहब्बत ने पोड़ी निवासी 65 वर्षीय शिवमंगल को अपने बेटों के खिलाफ ही एफआईआर कराने के लिए मजबूर कर दिया। वृद्ध शाम करीब 5 बजे थाने पहुंचा। उसने पुलिस को बताया कि वह कुत्ते को पिछले करीब एक साल से पाल रहा था। नहा-धुलाकर वह उसे रोजाना खाना खिलाया करता था।
वह अपने बेटों से ज्यादा कुत्त्ते से प्यार करता था। उसे वह बच्चे की तरह पालता था। इसके बाद भी उसके बेटों ने उसकी हत्या कर दी। उसकी दास्तान सुनने के बाद पुलिस ने उसे कानूनी दांव-पेंच का हवाला देते हुए लौटा दिया। बाद में पुलिस ने बेटों के खिलाफ धारा 429 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
7 बजे जांच के लिए निकली टीम
पत्रिका ने जब मामले में पड़ताल शुरू की तब जाकर भटगांव थाने की नींद टूटी। शाम करीब 7 बजे थाने की टीम ग्राम पोड़ी के लिए रवाना हुई।
रोते-रोते लाश ले पहुंचा थाने
शिवमंगल कुत्ते की मौत से इस कदर आहत था कि वह रोता हुआ थाने पहुंचा। साइकिल के पिछले हिस्से में वह अपने कुत्ते की लाश को लेकर पहुंचा था। वह सिसकते हुए घटनाक्रम की जानकारी थाने में दे रहा था।
बेटों के खिलाफ की शिकायत
शिवमंगल शाम 5 बजे थाने आया था। वह अपने बेटों के खिलाफ कुत्ते की हत्या का मामला दर्ज कराना चाहता था। ७ बजे टीम गांव रवाना कर दी गई है। मामले में जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
दीपक साहू, सब-इंस्पेक्टर, भटगांव