
अंबिकापुर. शहर के मिशन चौक अस्पताल के पास 10 जून की रात बदमाशों ने स्कूटी सवार युवती व उसके भाई का रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। भाई द्वारा विरोध करने पर उसे दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से डंडे व बेल्ट से पीटा (Beaten video viral) गया। मारपीट की वारदात घटनास्थल के पास एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इधर युवती की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने जांच पश्चात 6 दिन बाद 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 5 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने 2 आरोपियों को जेल, जबकि 5 नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
11 जून को पीडि़त युवती ने अंबिकापुर कोतवाली में छेड़छाड़ और भाई से मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 10 जून की रात करीब 10.30 बजे अपने भाई के साथ स्कूटी से गांधी चौक स्थित मेडिकल दुकान में दवा लेने जा रही थी। रास्ते में मिशन अस्पताल के पास अतुल ताम्रकार ने उसका और उसके भाई का रास्ता रोक लिया।
इसके बाद उससे छेड़छाड़ (Girl molesting) करने लगा। जब भाई ने विरोध किया तो अतुल ताम्रकार, अपने साथी रोहित केडिया एवं अन्य दोस्तों को वहां बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके भाई को गाली-गलौज कर हाथ मुक्का, बांस के डंडा, पत्थर एवं बेल्ट से बेदम पिटाई की।
जान बचाने भाई इधर-उधर सडक़ पर भागता रहा, लेकिन कुछ युवकों ने उसे स्कूटी से दौड़ाया तो कुछ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। मामले में पीडि़ता के रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 126(2), 74, 75(2), 78 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले (Molesting and beaten) की विवेचना में जुट गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के पास स्थित एक घर का सीसीटीवी फुटेज (CCTV footage) देखा तो आरोपी मारपीट करते नजर आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मारपीट में शामिल 7 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसमें ५ नाबालिग पाए गए।
शेष 2 आरोपी अतुल ताम्रकार पिता बिरजू ताम्रकार उम्र 21 वर्ष तथा रोहित केडिया पिता बसंत केडिया उम्र 22 वर्ष दोनों निवासी केदारपुर अंबिकापुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया, जबकि दोनों आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया है।