
अंबिकापुर. छग प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के तत्वावधान में विगत 25 दिनों से अनवरत जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन दोनों मांग मान लेने के पश्चात आदेश प्रसारित होने तक स्थागित कर दिया गया है। सरकार द्वारा मांगें माने जाने का आश्वासन दिए जाने तथा हड़ताल अवधि का अवकाश स्वीकृत किए जाने से लिपिकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है।
इस संबंध में छग लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने बताया कि प्रांताध्यक्ष चंद्रिका सिंह रोहित तिवारी, प्रांतीय महामंत्री जाहिद अहमद खान, प्रांतीय सचिव जितेंद्र ठाकुर प्रांतीय महामंत्री के डेलिगेशन द्वारा रमेश शर्मा जी उप सचिव से प्रथम चरण में विस्तृत चर्चा की गई।
दूसरे चरण में डेलिगेशन ने आरपी मंडल प्रमुख सचिव पंचायत रीता शांडिल्य सचिव समान्य प्रशासन विभाग, जितेंद्र शुक्ला संचालक पंचायत तथा कलक्टर रायपुर बसव राजू एस से भेंट कर अपनी मांगों को लेकर चर्चा की। सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा उपरांत सचिवों की समिति ने संगठन की मांगों पर अपनी सहमति जताई और आचार संहिता से पूर्व आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
समिति ने हड़ताल समाप्त करने की बात कही। फिर 30 सितंबर को प्रांतीय बैठक आयोजित कर जिलाध्यक्षों से राय मांगी गई। सभी जिलाध्यक्षों ने आम सहमति से सरकार के आश्वासन पर विश्वास व्यक्त किया और हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।
आदेश जारी होने तक हड़ताल है स्थगित
सोमवार 1 अक्टूबर को संघ के प्रतिनिधि मंडल पुन: सचिवों की समिति से भेंट कर हडताल स्थगित करने और हड़ताल अवधि का अवकाश स्वीकार करने का लिखित ज्ञापन दिया गया।
सचिवों की समिति ने हड़ताल वापस लेने पर धन्यवाद देते हुए दोनों मांग को यथाशीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। संगठन ने बताया कि आदेश जारी होने तक हड़ताल स्थगित की गई है।