अंबिकापुर

शादी के मंडप से दूल्हे को उठा ले गई पुलिस, गर्लफ्रेंड का गर्भपात करा दूसरी को बनाने वाला था दुल्हन

साढ़े तीन साल से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे दोनों, शादी की बात पता चली तो युवती ने एसपी से की शिकायत
2 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 4:13 PM IST
Young girl complaint to ASP
Girl complaint from ASP

अंबिकापुर. युवती की मांग में सिंदूर भरकर एक युवक साढ़े 3 साल से उसके साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में किराए के मकान में रहता था। इस दौरान उसने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। 4 महीने पूर्व युवक ने उसका गर्भपात भी कराया था। ६ जुलाई को वह दूसरी युवती से शादी करने जा रहा था।

यह बात जब गर्लफ्रेंड को पता चली तो उसने एसपी से मामले की लिखित शिकायत की। एसपी के निर्देश पर महिला थाना की पुलिस ने मंडप से युवक को हिरासत में ले लिया। उस समय युवक को हल्दी की रस्म अदा की जा रही थी। युवती ने पुलिस से कहा कि यदि वह उससे शादी नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इधर युवक ने पुलिस से सोच-विचार करने का 10 दिन का समय मांगा है।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम परसवारकला निवासी 21 वर्षीय युवती ने सरगुजा एसपी के नाम एएसपी से शुक्रवार को अपने प्रेमी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने कहा है कि ग्राम धंधापुर निवासी एक युवक ने 4 वर्ष पूर्व उसकी मांग में सिंदूर भरकर कहा था कि वह उसे पत्नी बनाएगा।

इस दौरान वह 12वीं में पढ़ती थी। जबकि युवक परसा में बिजली विभाग में काम करता था। युवती ने बताया कि साढ़े 3 साल पहले युवक ने अंबिकापुर के मिशन चौक में किराए का मकान लिया था तथा दोनों लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे थे। इस दौरान युवक ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाया। 4 महीने पूर्व वह गर्भवती हो गई थी।

उसने जब युवक से शादी करने की बात कही तो उसने यह कहते हुए गर्भपात करा दिया कि लोग क्या कहेंगे। इसके बाद जब भी शादी की बात करती तो वह टालमटोल कर देता था।

इसी बीच वह 6 जुलाई को बौरीपारा स्थित सामुदायिक भवन में दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि दूसरी लड़की की जिंदगी बर्बाद न हो। युवती की शिकायत पर एएसपी ने तत्काल महिला थाना पुलिस को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।


मंडप से पुलिस ने लिया हिरासत में
एएसपी के निर्देश पर महिला थाना की पुलिस युवती को लेकर सामुदायिक भवन पहुंची। यहां युवक को हल्दी की रस्म अदा की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया तथा थाने ले आई।


युवती ने नहीं दर्ज कराई रिपोर्ट, करना चाहती है शादी
जब थाने में पीडि़ता से आगे की कार्रवाई करने के संबंध में पूछा गया तो उसने बताया कि वह प्रेमी से शादी करना चाहती है। यदि वह शादी नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इधर युवक ने पुलिस से सोच-विचार करने के लिए 10 दिन का समय मांगा है। इस पर पुलिस ने फिलहाल उसे छोड़ दिया है।


10 दिन का दिया गया है समय
युवक ने 10 दिन की मोहलत मांगी है। लड़की भी उससे शादी करना चाहती है। यदि लड़के ने इस बीच लड़की के पक्ष में फैसला नहीं लिया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीपिका मिंज, डीएसपी, महिला सेल प्रभारी

Published on: