
अंबिकापुर। अर्नब चक्रवाती तूफान का असर सरगुजा संभाग में 29 अक्टूबर को भी रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी की गई चेतावनी के कारण बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ समेत सरगुजा संभाग के सभी स्कूलों में छुट्टी (Holiday in Schools) की घोषणा की गई थी। इसी बीच सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने 30 अक्टूबर को भी जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अद्र्धशासकीय स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी की घोषणा की है। अर्नब तूफान के असर को देखते हुए डीईओ द्वारा यह फैसला लिया गया है। बता दें कि मौसम विभाग द्वारा 30 अक्टूबर को भी सरगुजा जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश व करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।
कलेक्टर के निर्देश पर सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम अर्नब के प्रभाव से दिनांक 30 अक्टूबर को तेज आंधी और गरज-चमक के साथ भारी वर्षा का प्रभाव रहने की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए छत्तीसगढ़ में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस वजह से विद्यार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सरगुजा जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त समस्त प्राइमरी, मिडिल, हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूलों में 30 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया जाता है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ समेत सरगुजा संभाग के सभी 6 जिले में अर्नब चक्रवाती तूफान (Arnab Cyclone) का असर देखा जा रहा है। 28 अक्टूबर को दिनभर बादल छाने के साथ दोपहर 2 बजे से बूंदाबादी शुरु हो गई थी। वहीं 29 अक्टूबर की सुबह से ही रिमझिम बारिश (Rain) होती रही। बारिश का क्रम दिन से लेकर रात तक चलता रहा।
वहीं ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर विवश कर दिया। अंबिकापुर शहर में लोगों की आवाजाही दिनभर अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही। लोग गर्म कपड़ों में ढके नजर आए। 30 अक्टूबर को भी मौसम विभाग द्वारा सरगुजा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है।