ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी नहीं पहचान पाए, संदिग्धों से की पूछताछ, परेशानी में फंसे लोगों की की सहायता
अंबिकापुर. सरगुजा एसपी आईपीएस सदानंद कुमार गुरुवार की आधी रात शहर की सुरक्षा व्यवस्था देखने खुद वाहन चलाकर निकले। इस दौरान रात्रि गश्त पर तैनात कुछ पुलिस अधिकारी उन्हें नहीं पहचान पाए। इस पर उन्होंने उनसे पूछताछ की। वहीं वाहन चालकों की जांच के अलावा बस स्टैंड, गश्त पॉइंट व थाने का भी निरीक्षण किया।
थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की मुस्तैदी देख उन्होंने उसे इनाम दिया तथा गोपनीय पासवर्ड नहीं बताने पर संतरी व रात्रि प्रभारी अधिकारी को सजा दी। एसपी की औचक जांच से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा रहा।
सरगुजा एसपी सदानंद कुमार रात को साधारण कपड़े में खुद वाहन चलाकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था देखने निकले। इस दौरान चित्र मंदिर टॉकिज के पास 2 युवक गाड़ी को धक्का लगा रहे थे तथा कुछ महिलाएं खड़ी थीं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी खराब हो गई है। इस पर एसपी ने उन्हें दूसरे वाहन से घर तक पहुंचवाया।
इसी बीच रात्रि गश्त ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिस अधिकारी नहीं पहचान पाए तो उन्हें उनसे पूछताछ की। इसके अलावा उन्होंने संदेहास्पद व्यक्तियों से भी पूछताछ की।
उन्होंने शहर में बिना नंबर प्लेट के व रात्रि में चलने वाले वाहनों चालकों से भी पूछताछ कर यातायात नियम का पालन करने कहा। इसके अलावा शहर में लगाए गए वाहन चेकिंग स्थल शंकरघाट का भी जायजा लिया। इस दौरान यहां पुलिसकर्मी ड्यूटी करते मिले।
आरक्षक को मिला इनाम, अन्य को सजा
रात्रि निरीक्षण के दौरान एसपी गांधीनगर थाने पहुंचे यहां मुस्तैदी से ड्यूटी कर रहे आरक्षक विकास केरकेट्टा को देखकर खुशी जताई तथा उसे नकद राशि से पुरस्कृत किया। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से गोपनीय पासवर्ड पूछा गया तो वे जवाब नहीं दे पाए। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी संतरी गार्ड एव रात्रि प्रभारी को सजा दी।
बस स्टैंड में पूछताछ, चेक रोल कॉल बजवाया
एसपी रात में बस स्टैंड भी पहुंचे। यहां उन्होंने वहां के एजेंटों व यात्रियों से भी पूछताछ की। इसके अलावा शहर में लगे समस्त गार्ड को चेक किया गया तथा आकस्मिकता की स्थिति में तैयारी का जायजा लेने के लिए पुलिस लाइन में चेक रोल कॉल बजवाया गया। इस दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारियों को तैयार रहने की हिदायत दी गई।