
अंबिकापुर/उदयपुर। अविभाजित सरगुजा में अब तक 19 लोगों की जान ले चुका उत्पाती ‘कबरा’ हाथी (Kabra Elephant in Surguja) चौथे दिन भी वन विभाग की पकड़ में नहीं आ सका। सोमवार को उदयपुर वन परिक्षेत्र के चकेरी रोड से तेंदुटिकरा जंगल में प्रशिक्षित 2 कुमकी हाथियों तीरथ राम और दुर्योधन के साथ विशेषज्ञों की टीम उसे ट्रैंकुलाइज करने पहुंची थी, लेकिन अभियान में सफलता नहीं मिली। ऐसे में उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि जंगल में हाथियों के दो अलग-अलग दल दिखाई दिए। एक दल में 5 और दूसरे में 13 हाथी थे। हालांकि 5 हाथियों वाले दल में कबरा हाथी नजर नहीं आया। मंगलवार को फिर से उसे ट्रैक और ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश की जाएगी। इधर कबरा हाथी के विचरण करने वाले इलाके के 2 स्कूल बंद रहे।
बता दें कि कबरा हाथी को 4 दिन से ट्रैंकुलाइज करने की कोशिश जारी है। सोमवार को विशेषज्ञों की टीम ने करीब 2 घंटे तक जंगल में तलाश और मशक्कत की, लेकिन कबरा हाथी का पता नहीं चलने के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान पेंडरखी-चकेरी रोड को वन अमले ने काफी देर तक एहतियातन बंद रखा। टीम के लौटने के बाद मार्ग को आवागमन के लिए खोला गया।
हाथियों के लगातार विचरण और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार को सरमा, बासेन, चकेरी सहित आसपास के करीब 20 स्कूल बंद रखे गए। लगातार स्कूल बंद रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के कारण क्षेत्र में सामान्य जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है।
कबरा हाथी 17 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा है। इसी वजह से उसे ट्रैंकुलाइज करने में विशेषज्ञों की टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार देर शाम हाथियों का दल तेंदुटिकरा से सुखरी भंडार और सायर जंगल की ओर जाने की सूचना मिली। वन अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
हाथियों के दल को पहाड़ी इलाकों की ओर जाने से रोकने और सुरक्षित दिशा में रखने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की हिदायत दी गई है।