
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में 19 लोगों की जान ले चुके उत्पाती कबरा कान हाथी (Kabra Elephant) को पकडऩे वन विभाग का रेस्क्यू अभियान उदयपुर में पांचवें दिन भी जारी रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है। हाथी को टैं्रकुलाइज कर सुरक्षित पकडऩे के लिए वन विभाग की पूरी टीम जंगल के अंदर और बाहर तैनात है। अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात जंगल में डेरा डाले हुए हैं। हालात यह हैं कि रेस्क्यू में जुटे वन अमले का भोजन भी इन दिनों जंगलों में ही चल रहा है। इधर कबरा कान हाथी 13 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी कुमकी हाथियों से आमना-सामना भी हुआ था।
बता दें कि कबरा समेत अन्य हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरमा, चकेरी और तेंदूटिकरा के जंगलों में दो अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं। 16 नवंबर को कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को काबू में करने की कोशिश की गई थी। इस दौरान दोनों के बीच मुठभेड़ भी हुई, लेकिन कबरा कान कुमकी हाथियों पर भारी पड़ गया।
ऐसे में वन विभाग की टीम को ट्रैंकुलाइजर गन (Tranquilizer gun) का इस्तेमाल करने का सुरक्षित मौका भी नहीं मिल पाया। इसके बाद से टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे पकडऩे की रणनीति बनाने में जुटी है। इधर सोमवार रात चकेरी बस्ती में हाथियों के एक दल ने घुसकर एक भैंस को मार डाला। इस घटना के बाद ग्रामीणों में और अधिक भय व्याप्त हो गया है।
हाथियों की लगातार आवाजाही और जान-माल के नुकसान की आशंका को देखते हुए लोग रतजगा करने को विवश हैं। इस संबंध में अंबिकापुर वन वृत्त के सीसीएफ प्रणय मिश्रा ने बताया कि कबरा कान हाथी को पकडऩे के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। वन विभाग की टीम पूरी तरह सक्रिय है और हाथी को सुरक्षित तरीके से पकडऩे के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इधर रेस्क्यू अभियान (Kabra elephant rescue campaign) के बीच आसपास के गांवों में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। हाथियों के दल खेतों में घुसकर धान की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन विभाग द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों को जंगल के भीतर जाने से रोका जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक तरफ फसलें बर्बाद हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ हाथियों के डर से रात में घरों में सोना भी मुश्किल हो गया है।
तेंदूटिकरा के एक ग्रामीण ने बताया कि वन विभाग द्वारा जंगल में जाने से रोका जा रहा है। हाथियों के कारण खेतों में लगी फसलें बर्बाद हो रही हैं। डर इतना है कि रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। वहीं ग्राम सरमा के चरवाहे पीला राम ने बताया कि हाथियों का भय लगातार बना हुआ है। रातभर जागकर रहना पड़ रहा है। बीती रात हाथी ने भैंस को मार (Elephants killed buffalo) डाला। अब ग्रामीणों को यह चिंता सता रही है कि आगे और कितना नुकसान होगा।