
अंबिकापुर. विधानसभा चुनाव शुरू होते ही राजनीतिक दलों के बीच जोड़-तोड़ की होड़ मची हुई है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामदयाल उइके के भाजपा में शामिल होने के बाद एक और कांग्रेस विधायक को मंत्री पद का प्रलोभन देकर पार्टी में शामिल कराने का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसमें गृहमंत्री रामसेवक पैंकरा के नजदीकी कंबल वाले बाबा लुंड्रा के विधायक चिंतामणी महाराज से फोन पर बातचीत कर उन्हें भाजपा में शामिल होने की बात कर रहा है, कंबल वाले बाबा द्वारा बातचीत में दावा किया गया है कि उसकी बात सीधे मुख्यमंत्री से हुई है।
बाकायदा उसने यह बात भी कही है कि रामदयाल उइके को करोड़ों रुपए व मंत्री पद का प्रलोभन देकर पार्टी में शामिल कराया गया है। इस पूरी बातचीत में चिंतामणी महाराज ने स्पष्ट कहा कि मैं पार्टी से विश्वासघात नहीं करूंगा, मुझे दल नहीं बदलना है।
सोशल मीडिया पर कंबल वाले बाबा व लुंड्रा विधायक चिंतामणी महाराज के बीच फोन पर हुई बातचीत के वायरल हुए ऑडियो ने सरगुजा सहित प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। कंबल वाले बाबा गृहमंत्री रामसेवक पैंकरा का नजदीकी माना जाता है, अब उसने भाजपा को एक बड़ी मुश्किल में डाल दिया है।
ऑडियो में हुई बातचीत के अनुसार उसने लुंड्रा विधायक चिंतामणी महाराज को मंत्री पद का ऑफर देकर भाजपा में शामिल होने की बात कही, लेकिन चिंतामणी महाराज ने साफ इंकार कर दिया। हालांकि इस बातचीत में चिंतामणी महाराज यह कहते हुए भी सुने जा रहे हैं कि हम टीएस सिंहदेव को मुख्यमंत्री के रुप में देखना चाहते हैं।
कंबल वाले बाबा व लुंड्रा विधायक के बीच हुई बातचीत के अंश:
कंबल वाले बाबा- आप जो कहें, मंत्री पद या लाल बत्ती, सब आपके अनुसार होगा
चिंतामणी महाराज- सारा कुछ ठीक है, वहां मिलते ही फोटो आ गया तो अच्छा नहीं लगेगा
कंबल वाले बाबा- ऐसा कुछ भी नहीं होगा, सारी जिम्मेदारी मेरी है, अगर सौदा हुआ तो
चिंतामणी महाराज- ऐसा कौन बोल रहा है, क्या मुख्यमंत्री बोल रहे हैं
कंबल वाले बाबा- मेरी सीधी मुख्यमंत्री से बात हुई है, कोई गृहमंत्री, मंत्री नहीं, सिर्फ तीन लोगों के बीच ही बातचीत होगी, इसके अलावा कोई नहीं होगा
चिंतामणी महाराज- अब आपके गृहमंत्री की क्या करूं, मैं उनके पास एक बार गया था, किसी काम से लेकिन उन्होंने नहीं किया
कंबल वाले बाबा- ऐसा नहीं है, 30 करोड़ की जमीन गृहमंत्री कहने पर मुझे 1 करोड़ में देने की बात हुई थी। मैं कट्टरवादी हूं, मेरी ये सोच हैं कि मेरे लोग आगे बढ़ें
चिंतामणी महाराज- सारा चीज ठीक है, लेकिन जैसा मेरा चरित्र है, परिवार के आदर्श हैं, मैं अगर छोड़कर गया तो विश्वासघात होगा और महराजा साहब, भूपेश बघेल मुझ पर इतना भरोसा करते हैं, मैं विश्वासघाती नहीं बनूंगा। मैं दगाबाजी नहीं कर सकता, आज सामने वाली की स्थिति ऐसी हो गई है कि गधे को भी बाप कहना पड़ेगा। मैं महाराजा साहब को मुख्यमंत्री बनने देखना चाहता हूं, मुझे मंत्री पद नहीं चाहिए, विधायक ही बना रहना चाहता हूं।
कंबल वाले बाबा- फिर भी एक बार आपको मुलाकात तो करना चाहिए
चिंतामणी महाराज- मैं एक बार भी मिला तो साथ में फोटो खींचकर कहने लगेंगे कि मैं भाजपा में शामिल हो गया, फिर में कहां-कहां सफाई देते रहूंगा, वे जिस तरह से कार्यकारी अध्यक्ष को ले गए हैं, आप देख ही रहे हैं।
कंबल वाले बाबा-कार्यकारी अध्यक्ष को लाया नहीं गया है, वे आए हैं, उन्हें 10 करोड़ व मंत्री पद का ऑफर दिया गया है, तो क्या आप नहीं आएंगे
चिंतामणी महाराज- नहीं आऊंगा
कंबल वाले बाबा-मैं अभी रायपुर में ही तो क्या मैं यहां बोल दूं कि महाराज जी नहीं आएंगे
चिंतामणी महाराज- हां
कंबल वाले बाबा- चलिए ठीक है, बोल देता हूं
कंबल वाले बाबा ने दिया पद का ऑफर, सीएम से मिलवाने की कही बात
हां, कंबल वाले बाबा ने मुझे फोन कर मंत्री पद का ऑफर दिया है। उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री से मिलवाने की बात कही है। रामदयाल उइके के बारे में भी कहा कि उन्हें मंत्री पद व 10 करोड़ का ऑफर देकर भाजपा में शामिल किया गया है।
चिंतामणी महाराज, विधायक, लुंड्रा
ये है कंबल वाला बाबा, गृहमंत्री भी इसके भक्त
कंबल वाले बाबा का नाम गणेश यादव है। वह गुजरात का मूल निवासी है और यहां लगभग दो साल से अविभाजित सरगुजा के ग्राम स्याही, भटगांव क्षेत्र, सीतापुर व अन्य स्थानों पर शिविर लगाकर लोगों की शुगर सहित अन्य बीमारियों का इलाज करने का दावा करता है। इसके शिविरों में अंधविश्वास के फेर में पड़कर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
गृहमंत्री रामसेवक पैंकरा भी इसके भक्त हैं, उन्होंने दो बार अपने शुगर का इलाज इस बाबा से कराया है, इस दौरान यह खबर काफी सुर्खियों में आई थी और सरकार की जमकर किरकिरी हुई थी। बाबा खुद को गृहमंत्री व भाजपा का खास बताता है। कुछ महीनों पूर्व उसने दावा किया था कि कांग्रेस के कई विधायकों को वह भाजपा में शामिल कराएगा।