
अंबिकापुर। कोरिया जिले में अक्टूबर माह में हुई एक युवक की मौत (Young man death) का मामला अब सरगुजा रेंज के आईजी कार्यालय पहुंच गया है। मृतक की मां और भाई ने पुलिस की अब तक की जांच पर सवाल उठाते हुए मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। परिजनों को आशंका है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस ने संदेह के बिंदुओं की गंभीरता से जांच नहीं की। वहीं संदेही दोस्त शिवम के बार-बार बयान बदले जाने को लेकर परिजनों ने सवाल उठाए हैं। आईजी के निर्देश पर अब एएसपी स्तर के अधिकारी दोबारा जांच करेंगे।
कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरगवां निवासी मृतक के भाई बृजेश कुमार साहू और कमला बाई ने आईजी को सौंपे आवेदन में बताया कि 18 अक्टूबर को उनके भाई को पड़ोस में रहने वाला शिवम नामक युवक करमा देखने के बहाने घर से ले गया था। इसके बाद दोपहर 3.17 बजे परिजनों को फोन आया कि बाईपास पर दुर्घटना में युवक घायल होकर बेहोश हो गया है।
परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक मृत अवस्था में मिला। परिजनों का आरोप है कि घटना के संबंध में पूछताछ के दौरान शिवम बार-बार अपने बयान बदलता रहा। कभी उसने बोलेरो वाहन में आने की बात कही तो कभी 3 लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी। बयानों में विरोधाभास के बावजूद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच नहीं की।
परिजनों का कहना है कि वे मामले में कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। थक-हारकर वे अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की नए सिरे से जांच की मांग की। उनकी मांग है कि शिवम के बयानों की पड़ताल के साथ घटना के दिन की कॉल डिटेल, घटनास्थल और बाईपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए।
सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने बताया कि कोरिया जिले में अक्टूबर माह में एक युवक की मौत हुई थी। परिजनों को आशंका है कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस जांच में कुछ खामियां होने की बात कहते हुए लिखित शिकायत दी है। आईजी ने परिजनों की मौजूदगी में ही कोरिया एसपी और थाना प्रभारी से चर्चा की तथा शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच के निर्देश दिए हैं। अब मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।