
अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में पीएचडी (विधि) प्रवेश सत्र 2026 की चयन प्रक्रिया (PHD Law Selection process) सवालों के घेरे में है। प्रवेश की मेरिट सूची में कथित अनियमितता और निर्धारित नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अधिवक्ता राजा जायसवाल ने कुलपति को शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में दूसरे राज्य के अभ्यर्थी को प्रवेश देने तथा साक्षात्कार में अनुपस्थित रहने वाली अभ्यर्थी का नाम चयन सूची में शामिल करने पर सवाल उठाए गए हैं।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय आए दिन किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बना रहता है। हाल ही में कुलपति की शिकायत पर कुलसचिव को हटाया गया है। इसी बीच अधिवक्ता राजा जायसवाल ने विश्वविद्यालय (University) में पीएचडी विधि प्रवेश की चयन प्रक्रिया को लेकर शिकायत दर्ज कराई है।
इसमें यह उल्लेख किया गया है कि पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया (PHD Admission) में छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग की प्रवेश मार्गदर्शिका के बिंदु 5.1 और 15 का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के प्रावधान के बावजूद दूसरे राज्य के अभ्यर्थी को चयन सूची में जगह दी गई।
शिकायतकर्ता (Advocate Raja Jaiswal) का आरोप है कि अभ्यर्थी महिम दुबे पिता महेश पी. दुबे का नाम विश्वविद्यालय की पीएचडी विधि चयन सूची में शामिल है, जबकि विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी नेट/सेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची में उसका नाम नहीं है। शिकायतकर्ता ने उसके दूसरे राज्य का निवासी होने पर भी आपत्ति जताई है।
शिकायतकर्ता राजा जायसवाल ने सूची में मानसी सिन्हा (पिता सच्चिदानंद सिन्हा) के चयन पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि 3 नवंबर 2026 को निर्धारित पीएचडी विधि के साक्षात्कार में अनुपस्थित (Absent in Interview) रहने के बावजूद उनका नाम चयन सूची में दर्ज किया गया है। राजा जायसवाल ने इसे विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कुलपति से दस्तावेजों के आधार पर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अनियमितता के आरोप के संबंध में कुलपति (Sant Gahira Guru Vice Chancellor) का पक्ष लेने के लिए उनके नंबर पर कॉल किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसिव नहीं किया।