अंबिकापुर

राहुल गांधी ने भाजपा पर बोला हमला, कहा- हमारी सरकार बनी तो 10 दिन में किसानों का कर्ज करेंगे माफ

हेलीपैड पर उतरने के बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, सर्किट हाउस में लंच करने के बाद पहुंचे सभास्थल

3 min read
Rahul Gandhi

अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का चौपर दोपहर 1.30 बजे सीतापुर स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बने हेलीपैड पर उतरा। यहां उनका नेता प्रतिपक्ष, विधायकों सहित कांग्रेसी पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। हेलीपैड से निकलने के बाद वे प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के साथ सीधे सर्किट हाउस पहुंचे।

लंच के बाद वे किसान व आदिवासी सम्मेलन में पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोला। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उनकी पार्टी की सरकार बनी तो वे 10 दिन में उनका कर्ज माफ कर देंगे।


राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा ने 2014 में जब प्रधानमंत्री चुनाव का प्रचार कर रहे थे तो उन्होंने जनता से 3-4 बड़े वादे किए थे। मोदी ने कहा था कि 2 करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देंगे। हर किसी के बैंक खाते में 15 लाख रुपए डाले जाएंगे, लेकिन क्या ऐसा हुआ। 15 लाख रुपए आपको मिले। 15 लाख तो छोड़ दें 10 रुपए भी किसी के खाते में नहीं आए।

पीएम मोदी ने कहा था कि यूपीए की सरकार किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम नहीं दिलाती, उन्होंने दिलाया क्या? मैंने संसद में जब सरकार से पूछा तो पता चला कि पिछले 8 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी अभी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं। युवा रोजगार के लिए भटक रहा है।


कर्ज माफ करना पॉलिसी नहीं
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हर प्रदेश में किसान कर्ज माफी चाहता है, क्योंकि बीजेपी समर्थन मूल्य नहीं देती। किसानों से बोनस छीन लिया, मुआवजा नहीं देते। देश के वित्तमंत्री अरुण जेटली कहते हैं कि किसानों का कर्ज माफ करना उनकी पॉलिसी नहीं है लेकिन इसी सरकार ने पिछले साल 15 अमीरों का ढाई लाख करोड़ का कर्ज माफ किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज क्यों माफ नहीं किया जा रहा है।


नीरव मोदी पर क्यों चुप हैं पीएम
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए ने 35 हजार करोड़ की लागत से मनरेगा योजना चलाई थी। उतना ही रुपया नीरव मोदी ने किसानों से चोरी कर ली और हमारे पीएम चुप हैं। वे मेहुल चौकसी को भाई कहते हैं। मैंने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर किसानों का कर्ज माफ करने की गुजारिश की थी लेकिन वे खामोश रहे। उनकी नजर में किसान बोझ है। उन्हें किसानों की ताकत का अंदाजा नहीं है।


मंच से की ये बड़ी घोषणा
राहुल गांधी ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार हमारी सरकार आई तो हम 10 दिन में ही किसानों का कर्ज माफ करके दिखा देंगे। 2019 में सरकार बनते ही छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज राज्य के किसी भी जिले में चले जाइए, आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है।

हमने किसानों के लिए बिल लाया, उसे सभी ने पास कर दिया लेकिन जैसे ही इनकी सरकार आई, उस बिल को हटाने का प्रयास शुरु कर दिया। भाजपा शासित प्रदेशा में इस बिल को खत्म कर दिया गया, इसका नतीजा ये है कि आज छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में उद्योगपतियों का राज है आदिवासियों का नहीं। ये सबकुछ मोदी जी करवा रहे हैं।


जज भी जोड़ रहे हाथ
राहुल गांधी ने कहा कि देश में अब ऐसा माहौल बन गया है कि सुप्रीम कोर्ट के जज भी हाथ जोड़कर जनता से कह रहे हैं कि हमें बचाइए। उन्होंने कहा कि अमित शाह मर्डर के एक मामले में आरोपी हैं। वो प्रकरण में दबाव बना रहे हैं। जजों को काम नहीं करने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आपकी रक्षा इस राज्य में कांग्रेस करेगी।

सीजी में लानी है कमजोर व आदिवासियों की सरकार
राहुल गांधी ने कहा कि आरएसएस और बीजेपी के लोग चाहते हैं कि आदिवासी, महिला, किसान सब चुप रहें और वे मजे करें। इस बार छत्तीसगढ़ में कमजोर, गरीब और आदिवासियों की सरकार लानी है। बीजेपी हमें किसानों का कर्ज माफ करने से रोकती रही लेकिन हमने किया। कांग्रेस के आने से राज्य के युवा, गरीब और किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि यदि हमारी सरकार आई तो किसानों की जमीनों के पास फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगवा देंगे।

विकास के लिए तरस रहे किसान
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि इस इलाके में हर साल अच्छी बारिश होने के बावजूद किसान विकास को तरस रहे हैं। आदिवासी संस्कृति यहां बसी हुई है। प्रदेश में ऐसी सरकार है जो बजट के घोषणा अनुरूप खर्च नहीं कर पाती। लोग यहां खासे परेशान हैं। सीतापुर विधानसभा में आजादी के बाद से आज तक कोई दूसरी पार्टी चुनाव नहीं जीत पाई। सिंहदेव ने कहा कि राहुल गांधी ने बच्चियों से मिलने सुरक्षा घेरा तोड़ा, यह काबिले तारीफ है।


आपका इंतजार कर रहा था क्षेत्र
सीतापुर विधायक अमरजीत भगत ने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि आपका इंतजार क्षेत्र कर रहा था। आपकी सरकार ने आदिवासियों को काफी कुछ दिया। मोदी की सरकार ने हमें परेशान कर रखा है, हमें इससे मुक्ति दिलाइए। आपसे हमें पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि आपने पीएम मोदी की नाक में दम कर रखा है।

Published on:
18 May 2018 11:27 am
Also Read
View All
Nursing Home Act: अंबिकापुर में नर्सिंग होम एक्ट की उड़ रहीं धज्जियां, गली-मोहल्लों में अव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रहे निजी अस्पताल

Road accident: Video: सडक़ हादसे में 3 युवकों की मौत, 3 बिजली खंभे से जा टकराए तो 3 को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, 3 घायल

Action on private schools: अंबिकापुर के इन 2 प्राइवेट स्कूलों पर चला प्रशासन का डंडा, तय दुकानों से महंगी किताबें खरीदने का बनाया था दबाव

Statue unveiled case: युकां सरगुजा जिलाध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज, CM से पहले शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का किया था अनावरण

Rape and murder case: Video: महिला से बलात्कार और हत्या का आरोपी बोला- किसी और से अवैध संबंध के चक्कर में मार डाला