
अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के विधि विभाग में अब 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम (LLB course in Ambikapur) की पढ़ाई होगी। भारतीय विधिज्ञ परिषद (बीसीआई) नई दिल्ली ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पाठ्यक्रम संचालन की अनुमति दे दी है। इसके तहत एक सेक्शन में 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जा सकेगा। बीसीआई ने इस संबंध में 23 नवंबर को आधिकारिक पत्र जारी किया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया की अनुमति मिलने के बाद सरगुजा संभाग के विधि के छात्रों में हर्ष का माहौल है। इधर अनुमति संबंधी श्रेय लेने की भी होड़ लग गई है।
बता दें कि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के विधि विभाग को मिली इस अनुमति से सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को अब विधि की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। खास बात यह है कि प्रदेश में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्याल रायपुर के बाद संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय दूसरा ऐसा राज्य विश्वविद्यालय होगा, जहां अपने शिक्षण विभाग के माध्यम से 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा।
प्रदेश के अधिकांश राज्य विश्वविद्यालयों में विधि की पढ़ाई संबद्ध महाविद्यालयों के माध्यम से होती है। कुलपति प्रो. डॉ. राजेन्द्र लाकपाले के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय (Sant Gahira Guru vishwavidyalaya) ने विधि शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह पहल की है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस अनुमति के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों और नियामकीय मानकों को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास किए गए।
तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू होने से सरगुजा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विधि शिक्षा का अवसर मिलेगा। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विद्यार्थी अधिवक्ता व्यवसाय, न्यायिक सेवाओं, विधिक अनुसंधान, कॉर्पोरेट विधि और प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकेंगे।
विधि विभाग में विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके लिए मूट कोर्ट, विधिक सहायता गतिविधियों, न्यायिक प्रक्रियाओं और विधिक अनुसंधान पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
इस उपलब्धि में विश्वविद्यालय प्रशासन, कुलसचिव, विधि विभाग के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकों और संबंधित कर्मचारियों का योगदान रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे विधिक शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में 3 वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम की 60 सीटों को मिली मंजूरी के बाद अब इस उपलब्धि का श्रेय लेने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रयासों से यह सौगात मिलने का दावा करते हुए जारी प्रेस विज्ञप्ति में छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद की कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की पहल को भी अहम बताया गया है।
सिंहदेव (Former Deputy CM) के मार्गदर्शन और प्रवीण गुप्ता के प्रयासों से विश्वविद्यालय के विधि विभाग को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति मिली है। इसमें अधिवक्ता एवं पूर्व पार्षद सतीश बारी, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अधिवक्ता गणेश गुप्ता और एनएसयूआई के सरगुजा जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल की भूमिका का भी उल्लेख किया गया है। एलएलबी की पढ़ाई शुरू होने से सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर विधि शिक्षा का अवसर मिलेगा।