अंबिकापुर

चौथी बार सरकार बनाने भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान ने कार्यकर्ताओं को दी ये नसीहत

शासकीय प्लेन से वनमंत्री महेश गागड़ा के साथ पहुंचे अंबिकापुर, संभाग स्तरीय कार्यसमिति की ली बैठक, जमीनी हकीकत जानने का किया प्रयास

2 min read
Saudan Singh meeting
Saudan Singh meeting

अंबिकापुर. भाजपा की संभाग स्तरीय कार्यसमिति की बैठक गुरुवार को संगठन के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने ली। पहले दिन कोरिया, बलरामपुर व सूरजपुर के 6 विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से मिलकर जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित आगमन को लेकर अभी से जुट जाने को कहा।


भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह गुरुवार को वन मंत्री महेश गागड़ा के साथ शासकीय प्लेन से दरिमा पहुंचे। वहां भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीधे वे भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले भाजपा के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर सम्मेलन की शुरूआत की।

बैठक में सिर्फ मुख्य कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को शामिल किया गया था। इस संबंध में पूर्व में ही सभी जिलाध्यक्षों व विधायकों को पत्र भी जारी किया गया था। सम्मेलन की शुरुआत में कोरिया जिले के मनेन्द्रगढ़, भरतपुर, सोनहत व बैकुण्ठपुर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सौदान सिंह ने मुलाकात की।

एक-एक विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से उन्होंने मुलाकात कर क्षेत्र की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास किया। सबसे पहले मनेन्द्रगढ़ विधानसभा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से विधायक का रिपोर्ट कार्ड लिया और उन्होंने सभी को स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी जिसे भी विधानसभा का उम्मीदवार बनाती है, उसके लिए एकजुटता के साथ काम करना है।

प्रदेश में भाजपा की चौथी बार सरकार बनानी है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को अभी से जुट जाने को कहा। इस दौरान क्षेत्र के विधायक श्याम बिहारी जायसवाल भी उपस्थित थे। इसके बाद उन्होंने भरतपुर-सोनहत के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की विधायक चंपा देवी पावले भी उपस्थित थीं।

देर शाम बैंकुठपुर की बैठक शुरू हुई। रात में रामानुजगंज, सामरी, प्रतापपुर के पदाधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, कोरिया के तीरथ गुप्ता व पवन साय भी उपस्थित थे।


राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर तैयारी का फूंका मंत्र
राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कहा कि आगामी माह राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अंबिकापुर आ सकते हैं। वे संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। अभी से एकजुट होकर काम करें।


शुक्रवार को सरगुजा के लोगों से मिलेगे
शुक्रवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सूरजपुर व अंबिकापुर के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे। सबसे पहले सूरजपुर के भटगांव, प्रेमनगर व सरगुजा के सीतापुर, लुण्ड्रा व अंबिकापुर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।

Published on:
27 Sept 2018 08:16 pm