अंबिकापुर

Breaking: शादी से लौटते हाइवे पर आ गई झपकी और पेड़ से भिड़ गई स्कॉपियो, पति-पत्नी समेत 4 गंभीर

अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर अजबनगर के पास दोपहर में हुआ दर्दनाक हादसा, रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे घर
2 min read
Scorpio collided with tree
Scorpio collided with tree

अंबिकापुर. नगर के नमनाकला निवासी एक परिवार शनिवार को रिश्तेदार की शादी में मनेंद्रगढ़ गया था। वहां से रविवार की दोपहर सभी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। वे मनेंद्रगढ़-अंबिकापुर एनएच पर अजबनगर के समीप पहुंचे ही थी कि वाहन मालिक को झपकी आ गई। इससे स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से भिड़ गई। हादसे में पति-पत्नी सहित एक अन्य महिला व बच्चे को गंभीर चोटें आईं। सभी का इलाज मिशन अस्पताल में चल रहा है।


अंबिकापुर के नमनाकला निवासी हरिओम ट्रेडर्स का संचालक कमलेश केशरी 45 वर्ष, पत्नी मधु केशरी 42 वर्ष, मीना केशरी 45 वर्ष तथा हरिओम 8 वर्ष के साथ शनिवार को रिश्तेदार की शादी में मनेंद्रगढ़ गया था। शादी में शामिल होकर सभी स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 15 बी-9276 से दोपहर करीब 2.15 बजे वापस लौट रहा थे।

स्कॉर्पियो कमलेश केशरी स्वयं चला रहा था। वे मनेंद्रगढ़-अंबिकापुर एनएच पर स्थित अजबनगर में शिवम मोटर्स के सामने पहुंचे ही थे कि चालक को झपकी आ गई और स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि वहां चीख-पुकार मच गई। सभी के सिर में गंभीर चोटें आईं।

वहीं मधु केशरी का हाथ टूट गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हरिओम को राहगीरों द्वारा कार से तत्काल मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं अन्य घायलों को संजीवनी 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यहां घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उनका उपचार शुरु किया। फिलहाल सभी की हालत नाजुक बनी हुई है।

सड़क पर ही तड़पते रहे घायल
हादसे के बाद राहगीरों ने वाहन में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। सभी दर्द से तड़प रहे थे। इसकी सूचना लोगों ने संजीवनी को दी। सूचना मिलते ही आधे घंटे में संजीवनी मौके पर पहुंची और घायल कमलेश, मधु व मीना केशरी को मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। इधर सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

Published on:
10 Dec 2017 05:20 pm