
अंबिकापुर। सरगुजा संभाग प्रीमियर लीग (एसएसपीएल) सीजन-1 डे-नाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता (Cricket Tournament) का आयोजन शहर के गांधी स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 18 नवंबर को होगा। प्रतियोगिता में 14 टीमें हिस्सा लेंगीं। इन टीमों के ऑनर द्वारा पंजीकृत 350 खिलाडिय़ों की बोली लगाकर की जाएगी। खिलाडिय़ों की नीलामी 4 नवंबर को शहर के होटल सरगवां पैलेस में होगी। बता दें कि यह प्रतियोगिता सरगुजा संभाग की सबसे ज्यादा इनामी राशि वाली लीग प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 2 लाख रुपए नकद और ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। एसएसपीएल को लेकर सरगुजा संभाग के क्रिकेट खिलाडिय़ों में उत्साह का माहौल है।
अंबिकापुर चैंपियंस लीग की सफलता के बाद अब शहर के गांधी स्टेडियम (Gandhi Stadium Ambikapur) में सरगुजा संभाग प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-1 का रोमांच देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता का आगाज 18 नवंबर को होगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए सरगुजा संभाग के 350 खिलाडियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 224 खिलाडिय़ों की ही नीलामी होगी। कुल 14 टीमों के ऑनर्स इनकी बोली लगाएंगे।
इधर आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता की तैयारी शुरु कर दी गई है। आयोजन समिति ने बताया कि सरगुजा संभाग की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच देने का उनका ये प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता और उपविजेता टीम के अलावा तीसरे, चौथे और 5वें स्थान पर रहने वाली टीमों को भी नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
तीसरे स्थान पर आने वाली टीम को 40 हजार, चौथे को 20 हजार तथा 5वें को 10 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि खेल का रोमांच बढ़ाने के लिए लगातार 4 चौके, हैट्रिक सिक्स, हैट्रिक विकेट, एक मैच में 5 विकेट के अलावा अद्र्धशतक व शतक लगाने वाले खिलाडिय़ों को भी नकद और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी मैचों का प्रसारण ‘108 लाइव’ पर होगा।
आयोजन समिति द्वारा 40 प्लस उम्र के खिलाडिय़ों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है। सभी 14 टीमों के ऑनर्स को नीलामी के दौरान अपनी टीम में 2 खिलाड़ी 40 प्लस उम्र के लेने होंगे। वहीं मैच के दौरान दोनों ही खिलाडिय़ों को खिलाना अनिवार्य होगा।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता (Cricket Tournament Ambikapur) लीग आधार पर होगी। इसके लिए 14 टीमों को 2 पुल में बांटा जाएगा। हर टीम एक-दूसरे से मैच खेलेगी। अर्थात हर टीम 6 मैच खेलेगी। वहीं दोनों पुल की टॉप 2-2 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगीं। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 30 नवंबर को खेला जाएगा।