अंबिकापुर

दुनिया में ऐसे भी इंसान : मृत युवक की जेब से निकाल लिया पर्स और मोबाइल, फिर…

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान हो गई थी मौत, मौका देखकर किया ये काम, पुलिस ने किया गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2018, 9:06 PM IST
Accused
Accused in custody

अंबिकापुर. एक युवक ने अपनी घिनौनी हरकत से इंसानियत को शर्मसार कर दिया। ऐसा ही एक मामला शुक्रवार की रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया था। यहां उसकी मौत हो गई थी।

इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और इधर-उधर देखने लगा। इसी बीच वह मृत युवक की जेब टटोलने लगा और उसका पर्स व मोबाइल निकाल लिया। इस दौरान पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।


दुनिया में ऐसे लोग भी हैं जिन्हें मानवता जैसे शब्द से कोई मतलब नहीं होता है। अपना उल्लू सीधा करने के लिए कितनी भी गिरी हुई हरकत कर सकते हैं। इसका बाद में उन्हें कोई मलाल भी नहीं होता है। ऐसे लोग इंसानियत को भी शर्मसार कर देते हैं। ऐसा ही मामला शुक्रवार की रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल में देखने को मिला।

गौरतलब है कि दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी स्कूल के पास शुक्रवार की रात एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए संजीवनी 108 से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके कुछ देर बाद शहर के खरसिया नाका निवासी 28 वर्षीय बाबू खान पिता मुन्ना खान वहां पहुंचा और इधर-उधर देखने लगा।

इसी बीच उसने मौका देखकर मृतक की जेब में हाथ डाल कर पर्स व मोबाइल निकाल लिया। इस दौरान वहां मौजूद कोतवाली पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने जब युवक से पूछताछ की तो पता चला कि वह मृतक के परिवार से नहीं है। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर धारा 151 के तहत जेल भेज दिया।


कई दिनों से मिल रही थी शिकायत
पुलिस को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि सड़क दुर्घटना में मृत हुए व्यक्तियों के जेब से कोई मोबाइल व रुपए पार कर रहा है। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस की टीम नजर बनाए हुई थी। इसी बीच उक्त युवक पकड़ा गया।

Published on: