
लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में बकरा-बकरी चोरी करने वाला गिरोह (Goat thief gang) लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। लग्जरी कारों में सवार होकर गांव पहुंच रहे चोर आधी रात को चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला ग्राम चोड़ेया का है, जहां घर के सामने बने कमरे का ताला तोडक़र वहां बंधे पांच बकरा-बकरी चोरी कर ली गई। पशु मालिक जब सुबह उठा तो बकरियों को न पाकर उसके होश उड़ गए। एक दिन पूर्व भी क्षेत्र से बकरे-बकरियों की चोरी हुई थी। पशु मालिक ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।
पीडि़त पशु पालक दीप नारायण का कहना है कि 20 एवं 21 नवंबर की रात कार सवार अज्ञात चोर ग्राम चोडेया पहुंचे उसके घर के सामने बने कमरे का ताला तोडक़र 5 बकरा-बकरी चोरी कर फरार हो गए। इससे उसे करीब 40 हजार रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उसने रविवार की दोपहर लखनपुर थाने में मामले (Goat theft) की शिकायत दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इससे पूर्व भी लग्जरी वाहनों में सवार होकर बकरा-बकरी चोरी किए जाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से पशुपालक अपनी मेहनत और पूंजी से पाले गए पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वहीं पकड़ में नहीं आने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाहरी लोगों के आने-जाने और बकरा-बकरी के कारोबार के बढऩे के बाद चोरी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। पूर्व में लखनपुर पुलिस चोरी हुए बकरा-बकरी को दूसरे राज्य से बरामद कर पशुपालकों को सुपुर्द भी कर चुकी है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और पशुपालकों में भय (Lakhanpur crime) का माहौल है। पशुपालकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध वाहनों पर निगरानी रखने तथा बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह पर अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि झारखंड और बिहार से व्यापारी आकर यहां गांव में पहुंचकर बकरा-बकरी खरीदी का धंधा भी कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बाहरी और स्थानीय व्यापारियों की साठगांठ से चोरी की बकरियों को दूसरे राज्यों में खपाया जा रहा है।