
अंबिकापुर। पिछले 6 महीने में सरगुजा संभाग में 19 लोगों की जान ले चुका कबरा कान हाथी (Kabra Elephant) अब परेशानी का सबब बन गया है। बुधवार की रात से लेकर गुरुवार की शाम तक उसने 2 महिलाओं को मार डाला था, जबकि हमले में एक महिला का पैर टूट गया है। फिलहाल कबरा कान हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग द्वारा उसकी ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। उसका रेस्क्यू करने कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन भी मौके पर पहुंच चुके हैं, जबकि रायपुर से भी विशेषज्ञों की टीम यहां पहुंच चुकी है। तीरथ हाथी की मदद से उसे ट्रैक करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि दुर्योधन हाथी की मदद से उसे ट्रैंक्यूलाइज किया जाएगा। फिलहाल डीएफओ के नेतृत्व में पूरा वन अमला उदयपुर के जंगल में तैनात है।
सरगुजा संभाग के बलरामपुर, सूरजपुर व सरगुजा जिले में पिछले 6 माह से कबरा कान हाथी आतंक का पर्याय बन चुका है। उसने 19 लोगों की जान (Kabra Elephant killed 19 people) ले ली है, जबकि कई घायल भी हो चुके हैं। कबरा कान हाथी फिलहाल सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। उसके रेस्क्यू की प्रक्रिया जारी है। बिगड़ैल हाथियों को सुधारने करीब 5 वर्ष पूर्व कर्नाटक से 5 कुमकी हाथियों को सरगुजा लाया गया था।
लेकिन वे भी केवल मेहमान बनकर ही रह गए हैं। अब कबरा कान हाथी का रेस्क्यू करने उदयपुर वन परिक्षेत्र में 2 कुमकी हाथियों तीरथ और दुर्योधन (Kumki Elephants) को लाया गया है। वहीं रायपुर से भी विशेषज्ञों की टीम आई है। फिलहाल वन विभाग की टीम द्वारा तीरथ हाथी की मदद से उसे ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इसमें अभी सफलता नहीं मिल सकी है।
बताया जा रहा है कि कबरा कान हाथी को ट्रैक्यूलाइज करने का आदेश दे दिया गया है। इसके लिए पहले उसे ट्रैक किया जा रहा है। ट्रैक हो जाने के बाद कुमकी हाथी दुर्योधन की मदद से विशेषज्ञों की टीम द्वारा उसे ट्रैक्यूलाइज किया जाएगा।
बता दें कि कबरा कान हाथी ने पिछले 10 दिन में ही सूरजपुर व सरगुजा जिले में 7 लोगों को मार (Kabra elephant havoc) डाला है। इनमें सूरजपुर जिले में 6 तथा सरगुजा में 1 व्यक्ति शामिल हैं। कबरा कान हाथी की दहशत ऐसी हो गई है कि जिस क्षेत्र में वह भ्रमण कर रहा है, उस इलाके के लोग घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं।
वन विभाग की टीम द्वारा भी लगातार उसकी निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद उसने बुधवार की रात उसने ग्राम उमेश्वरपुर व गुरुवार की शाम उदयपुर के झिरमिटी में 2 महिलाओं को कुचलकर मार डाला था। वहीं घास काट रही एक महिला पर भी हमला किया था, जिसमें उसका पैर टूट गया है।