अंबिकापुर

ठेकेदार से जमीन का सौदा कर महिला ने ले लिए 7 लाख, नहीं की रजिस्ट्री, अब दे रही थी ये धमकी

ठेकेदार की रिपोर्ट पर पुलिस ने 2 महिला समेत 3 के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध किया दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
2 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 9:05 PM IST
420
Fraud

अंबिकापुर. एक महिला ने पहले तो ठेकेदार से अपने जमीन का सौदा किया। इसके एवज में उसने ठेकेदार से 7 लाख रुपए भी ले लिए। जब जमीन की रजिस्ट्री करने की बारी आई तो महिला के मन में लालच आ गया। उसने ठेकेदार को टालमटोल करना शुरु कर दिया। इस तरह उसने एक साल तक उसे दौड़ाया लेकिन रजिस्ट्री नहीं की।

ठेकेदार को जब लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हो रही है तो उसने अपने 7 लाख रुपए की मांग की। इस पर महिला रुपए लौटाने की बजाय उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने लगी।

जब ठेकेदार ने रुपए के लिए दबाव बनाया तो महिला ने परिवार के 2 अन्य सदस्यों के साथ मिलकर ठेकेदार से मारपीट भी। इसकी रिपोर्ट ठेकेदार ने गांधीनगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में 2 महिला समेत 3 लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।


गांधीनगर थाना अंतर्गत सुभाषनगर निवासी दिनेश दास पेशे से ठेकेदार है। एक साल पूर्व उसने ग्राम चठिरमा की पूर्णलक्ष्मी दास नाम की महिला से जमीन के संबंध में बात की थी। इस पर महिला जमीन बेचने को तैयार हो गई थी। इसके एवज में महिला ने ठेकेदार के नाम जमीन रजिस्ट्री करने से पहले तय रकम में से 7 लाख रुपए ले लिए।

उसने ठेकेदार से कहा कि बाकी के रुपए वह जमीन की रजिस्ट्री के दौरान लेगी। इस पर ठेकेदार राजी हो गया। जब जमीन की रजिस्ट्री करने की बारी आई तो महिला एक-एक दिन कर टालमटोल करने लगी।

जब भी ठेकेदार महिला के घर जाता और जमीन उसके नाम करने की बात कहता तो वह कुछ न कुछ बहाना बनाकर उसे वापस भेज देती थी। इसी तरह महिला ने करीब 1 साल गुजार दिया। बार-बार महिला के घर के चक्कर लगाकर ठेकेदार भी परेशान हो चुका था।


रुपए मांगे तो देने लगी धमकी
ठेकेदार ने महिला से कहा कि यदि जमीन की रजिस्ट्री नहीं करना है तो उसके 7 लाख रुपए लौटा दे। इस पर महिला यह कहकर उसे धमकी देने लगी कि वह उसे झूठे मामले में फंसा देगी। यही नहीं, आरोपी महिला ने अपने घर के सदस्य पांचू दास व ममता दास के साथ मिलकर ठेकेदार के साथ मारपीट भी शुरु कर दी।

किसी तरह वहा से निकलकर ठेकेदार गांधीनगर थाने पहुंचा और मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पूर्णलक्ष्मी दास, पांचू दास व ममता दास के खिलाफ धारा 420 , 294, 506, 34 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

Published on: