
लखनपुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक युवक सोमवार की शाम को मवेशियों को गांव से लगे एक बांध में ले गया था। मवेशियों को नहलाने के बाद वह खुद भी बांध में नहाने उतर गया। इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया और उसकी मौत हो गई। युवक के डूबने (Young man drowned in Dam) की खबर जैसे ही उसके परिजनों व गांव वालों को पता चली, बांध के पास उनकी भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं शाम हो जाने के कारण उसकी तलाश नहीं की जा सकी। मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम ने करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला। ऐसे में करीब 18 घंटे बाद उसकी लाश मिली। युवक की मौत से उसके परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
लखनपुर थाना क्षेत्र के कुन्नी चौकी अंतर्गत ग्राम तिरकेला निवासी रबिल खलखो पिता जुग साय खलखो 22 वर्ष 9 नवंबर को दोपहर बैलों को दाना खिलाने से पहले अपने साथियों के साथ कुर्मे बांध में मवेशियों को नहलाने गया था। मवेशियों को नहलाने के बाद वह स्वयं भी नहाने के लिए बांध में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब (Drowned in Dam) गया।
साथी उसे बचाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे इसमें कामयाब नहीं हो पाए। फिर उन्होंने इसकी सूचना तत्काल गांव पहुंचकर दी। सूचना मिलते ही परिजन समेत गांव वालों का हुजूम उमड़ पड़ा। मामले की सूचना कुन्नी चौकी में भी दी गई। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन शाम होने के कारण सोमवार को युवक की तलाश शुरू नहीं हो सकी।
युवक के बांध डूब जाने को लेकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। बस उसका शव निकाला जाना बाकी था। मंगलवार की सुबह पुलिस की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बांध में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने दोपहर 12.30 बजे युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। इस दौरान काफी संख्या में गांव के लोग व मृतक के परिजन मौजूद रहे। इधर पुलिस ने शव बरामद कर पीएम पश्चात उसे परिजन को सौंप दिया। युवक की मौत (Young man death) से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।