
वाशिंगटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 सितंबर को अमरीकी यात्रा पर होंगे। यहां पर वह भारतीय अमरीकी समुदाय के सम्मेलन 'हाउडी मोदी' में शरीक होंगे। इस सम्मेलन में शिरकत करने के लिए करीब 40 हजार लोगों ने अभी तक पंजीकरण करा लिया है।
गौरतलब है कि मोदी संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में हिस्सा लेने के लिए अमरीका आ रहे हैं। 'हाउडी' का मतलब (आप कैसे हैं) का संक्षिप्त रूप है। दक्षिण पश्चिमी अमरीकी में आम तौर पर लोग एक दूसरे से मिलते वक्त हालचाल लेने के लिए इसी शब्द का इस्तेमाल करते हैं।
टेक्सास इंडिया फोरम
ह्यूस्टन के एक गैर सरकारी संगठन 'टेक्सास इंडिया फोरम' के अनुसार समारोह में आने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा। इसके लिए पास की व्यवस्था की गई है। अमरीका की चौथी सबसे अधिक आबादी वाले शहर के 'एनआरजी फुटबॉल स्टेडियम' में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के आने की उम्मीद है। ह्यूस्टन में पांच लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोग रहते हैं।
मोदी का ह्यूस्टन में स्वागत करने के लिए उत्साहित
ह्यूस्टन के मेयर सिल्वेस्टर टर्नर के अनुसार वह प्रधानमंत्री मोदी का ह्यूस्टन में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। यहां पर बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं। 'टेक्सास इंडिया फोरम' के अनुसार पहले सप्ताह में ही 39,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण करा लिया था।
एक हजार से अधिक स्वयंसेवक और 650 वेलकम पार्टनर कार्यक्रम से जुड़े हैं। अमरीकी सीनेटर जॉन कोर्निन के अनुसार टेक्सास के लाखों भारतीय अमरीका की ओर से और सीनेट इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष तौर पर प्रधानमंत्री मोदी का ह्यूस्टन में स्वागत कर रहे हैं।
इससे पहले भी मोदी भारतीय सुमदाय को संबोधित कर चुके हैं। यह उनका तीसरा संबोधन होगा। इससे पहले 2014 में न्यूयॉर्क के मैडीसन स्क्वायर गार्डन और 2016 में सिलिकॉन वैली में वह भारतीय समुदाय को संबोधित कर चुके हैं। दोनों समारोह में 20 हजार से अधिक लोगों ने शिरकत की थी।
विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर ..