अमरीका

कैलिफोर्निया बार गोलीकांड: पूर्व नौसैनिक था आरोपी, इस वजह से नाराज होकर उठाया था ये कदम

इस घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई थी।

less than 1 minute read
Nov 09, 2018
california firing accuse was ex navy official says police
कैलिफोर्निया बार गोलीकांड: पूर्व नौसैनिक था आरोपी, इस वजह से नाराज होकर उठाया था ये कदम

वाशिंगटन। अमरीका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में हाल ही में हुए गोलीबारी कांड को अंजाम देने वाले शख्स का पता चल गया है। बताया जा रहा है कि बीते सात नवंबर को थाउजेंड ओक्स शहर में जनसमूह पर गोलियां चलाने वाले बंदूकधारी की पहचान एक पूर्व नौसैनिक के रूप में हुई है। आपको बता दें कि इस घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हुई थी।

गोलीबारी में कुल 25 लोग घायल, 13 लोगों की मौत

समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में अधिकारियों के हवाले से कहा जा रहा है कि इस गोलीबारी में कुल 25 लोग घायल हुए थे। वेंटुरा काउंटी शेरिफ जेफ डीन ने गुरुवार को इस संबंध में बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि बंदूकधारी की पहचान 28 वर्षीय इयान डेविड लोंग के रूप में हुई है, जो मरिन कॉर्प का सेवानिवृत्त सैनिक था। आरोपी थाउजेंड ओक्स के समीप न्यूबुरी पार्क में रहता था। इस साल की शुरुआत में एक हंगामे की जांच के लिए कुछ पुलिसकर्मी उसके घर गए थे। पुलिस के मुताबिक इसी का बदला लेने के लिए उसने बिना सोचे-समझे इस वारदात को अंजाम दिया।

0.45 कैलिबर पिस्तौल थी आरोपी के पास

डीन ने आगे की जानकारी देते हुए बताया कि बंदूकधारी के पास 0.45 कैलिबर पिस्तौल बरामद हुई है। शेरिफ के अधिकारियों ने कहा कि इस नरसंहार के बाद बंदूकधारी ने खुद को भी घातक रूप से गोली मार ली। उसके शव को घटना स्थल के प्रवेश द्वार के पास एक ऑफिस के अंदर से निकाला गया था। इस आरोपी के पड़ोसियों ने कहा कि वे सभी उसकी समस्याओं से अच्छी तरह से वाकिफ थे।

Published on:
09 Nov 2018 05:02 pm