अमरीका

पत्रकार खशोगी की मौत पर सऊदी की जानकारी से संतुष्ट नहीं डोनाल्ड ट्रंप

इस्तांबुल के दूतावास में दो अक्टूबर को खशोगी को अंदर जाते देखा गया था,बाद में वह लापता हो गए थे

less than 1 minute read
Oct 21, 2018
trump
पत्रकार खशोगी की मौत पर सऊदी की जानकारी से संतुष्ट नहीं डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह पत्रकार जमाल खशोगी की मौत के बारे में सऊदी अरब की ओर से दी गई जानकारी से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि,उन्होंने जोर देकर कहा कि सऊदी अरब शासन के आलोचक पत्रकार खशोगी की मौत पर वैश्विक आक्रोश के बीच वह इस खाड़ी देश के साथ 110 अरब अमरीकी डॉलर के हथियार सौदे को रद्द नहीं करना चाहेंगे। गौरतलब है कि इस्तांबुल के दूतावास में दो अक्टूबर को खशोगी को अंदर जाते देखा गया था। इसके बाद से उन्हें बाहर आते किसी ने नहीं देखा। तुर्की के गुप्तचरों ने उनकी हत्या की पुष्टि पहले ही कर दी थी।

शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए

सऊदी अरब ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा था कि दो अक्टूबर को तुर्की के इस्तांबुल स्थित उसके वाणिज्य दूतावास में झगड़े के बाद खशोगी की मौत हो गई। हालांकि, सऊदी अरब ने यह नहीं बताया कि खशोगी का शव कहां है। तुर्की के अधिकारियों का मानना है कि खशोगी की हत्या करके उनके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए।

प्रतिबंध का विकल्प संभव है

ट्रंप ने कहा कि जब तक उन्हें जवाब नहीं मिल जाता,वह संतुष्ट नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध का विकल्प संभव है लेकिन हथियार सौदे को रोकने से उनसे ज्यादा नुकसान हमें होगा। ट्रंप ने मीडिया से कहा कि यह ऐसी चीज है जिसे वह पसंद नहीं करते। यह बहुत गंभीर बात है। वह इसकी तह तक जाएंगे और पता करेंगे।

Published on:
21 Oct 2018 08:05 pm