
वाशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक करीबी के एक पूर्व मॉडल के साथ कथित संबंध में नया ट्विस्ट देखने को मिल रहा है। दरअसल इस मॉडल ने समझौते में निर्धारित की गई राशि के अलावा अतिरिक्त पैसों की मांग की है। बता दें कि समझौते के तहत पहले 16 लाख डॉलर की रकम तय की गई थी, लेकिन अब मॉडल ने 2,00,000 डॉलर की और मांग रखी है।
इलियोट ब्रॉयडी शेरा बेकार्ड के पदाधिकारी
मामले से संबंधित अधिकारी इलियोट ब्रॉयडी राष्ट्रपति ट्रंप के लिए चंदा जुटाने वालों में सबसे खास नाम हैं। पूर्व मॉडल ने उनसे केस के समझौते के लिए मुआवजे के रूप में बड़ी रकम की मांग की है। बता दें कि इलियोट ब्रॉयडी शेरा बेकार्ड के पदाधिकारी हैं। उन्होंने इस महीने अपने पूर्व वकील कीथ डेविडसन और पोर्न अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स के वकील माइकल एवेनत्ती के खिलाफ एक सीलबंद मुकदमा दायर किया था।
सील मुकदमा दायर होने के बाद मामला सार्वजनिक करने की मांग
इस मुकदमे के दायर होने के बाद कई प्रतिष्ठित समाचार संगठनों ने मुकदमे को सार्वजनिक करने की मांग उठाई थी। बढ़ती मांग के चलते मंगलवार को इस मुकदमे की एक संशोधित प्रति जारी की गई। सामने आए अदालत के दस्तावेजों में दी गई जानकारी की माने तो बेकार्ड और ब्रॉयडी के बीच गहरे प्रेम संबंध थे। इस दौरान बेकार्ड प्रेग्नेंट भी हो गई थी। जिसके बाद ब्रॉयडी उसे एक गोपनीय समझौते के तहत 16 लाख डॉलर देने के लिए राजी हो गए।
ब्रॉयडी ने दो किश्त देने के बाद पैसे देने कर दिए बंद
मुकदमे में मिल रही ताजा जानकारी के मुताबिक, ब्रॉयडी ने दो किश्त देने के बाद पैसे देने बंद कर दिए। इसके बाद उन्होंने आरोप भी लगाया कि डेविडसन उनके बीच हुए गोपनीय समझौते का उल्लंघन करते हुए इससे संबंधित जानकारियों के बारे में एवेनत्ती के साथ चर्चा की। वहीं इसके पलटवार में बेकार्ड का आरोप है कि ब्रॉयडी का तय राशि देने से मना करना भी समझौते का उल्लंघन माना जाएगा।