गुरुवार सुबह काम पर आने के बाद महिला का गोदाम मालिकों से किसी बात पर विवाद हुआ और उसने पिस्टल निकालकर सहकर्मियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं
वाशिंगटन। अमरीका के मैरीलैंड में गुरुवार को एक गोदाम परिसर में गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है।हमले के बाद महिला हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। घटना गुरुवार को बाल्टिमोर के पेरीमन में एक मेडिकल सेंटर में हुई। पुलिस ने बताया कि 26 वर्षीय महिला हमलावर ने शूट आउट के बाद खुद को भी गोली मार ली। पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
मेडिकल गोदाम में काम करती थी महिला
बताया जा रहा है की महिला मैरीलैंड में एक दवा भंडार गोदाम में अस्थायी नौकरी करते थी। गुरुवार सुबह काम पर आने के बाद महिला का गोदाम मालिकों से किसी बात पर विवाद हुआ और उसने पिस्टल निकालकर सहकर्मियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। खुद को गोली मारने से पहले महिला ने तीन लोगों की हत्या कर दी। पूर्वोत्तर मैरीलैंड में रिइट एडइड डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के श्रमिक गन शूटिंग के बाद चिल्लाते हुए बाहर निकले और बंदूक चलने के भयभीत क्षणों का वर्णन किया। बता दें कि अमरीका में किसी महिला द्वारा इस तरह का हमला बहुत ही दुर्लभ है।
बंदूक के लेकर कार्यस्थल पर आई थी महिला
हार्फर्ड काउंटी के शेरिफ ऑफिस ने जानकारी दी कि हमलावर महिला 9एमएम ग्लॉक हैंडगन वह अपने साथ लेकर आई थी। महिला के पास कई कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि हैंडगन उसने अपने नाम से रजिस्टर्ड करा रखा था। महिला का नाम स्नोचिया मोसेले बताया जा रहा है और वह बाल्टीमोर काउंटी की रहने वाली है। हार्फर्ड काउंटी शेरिफ जेफरी गहलर ने जानकारी दी कि पुलिस पांच मिनट के अंदर घटनास्थल पर पहुंच गई थी। उस समय तक तीन लोग मरे जा चुके थे और अन्य तीन घायल थे। हमलावर महिला ने अपने सिर में गोली मार ली थी। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।