
न्यूयॉर्क: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस साल देश में दुनिया के तमाम नेताओं की मेजबानी की लेकिन उनका मानना है कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा 'सही मायनों में ऐतिहासिक' थी। नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन में यह बात कही।
पीएम मोदी के बारे में नेतन्याहू ने कहा कि वे इजरायल, भारत और पूरी मानवता के लिए अंतहीन संभावनाओं की कल्पना करते हैं। नेतन्याहू ने आगे कहा कि 'मैं पिछले साल यहां इस मंच पर खड़ा था और मैंने इजरायल को लेकर दुनियाभर में आए इस गहरे बदलाव के बारे में बात की थी। अब देखिए एक साल में क्या हुआ है, कितनी बार हुआ है। बता दें कि सैकड़ों राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और अन्य नेता इजरायल आए जिनमें से कई ऐसे थे जो पहली बार आए थे।
उन्होंने कहा कि 'इन यात्राओं में से दो यात्राएं सच में ऐतिहासिक थीं। मई में राष्ट्रपति ट्रंप पहले अमरीकी राष्ट्रपति थे जिन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा में इजरायल को चुना। राष्ट्रपति ट्रंप पश्चिमी दीवार पर खड़े हुए जहां यहूदी लोगों के करीब 1,000 वर्ष से मंदिर हैं। नेतन्याहू ने कहा कि जब ट्रंप ने उन प्राचीन पत्थरों को छुआ तो उन्होंने हमेशा के लिए हमारे दिलों को छू लिया।
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि जुलाई में पीएम नरेंद्र मोदी इजरायल की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने विश्व नेताओं से भारतीय प्रधानमंत्री के साथ अपनी मुलाकात भी साझा की।
नेतन्याहू ने कहा कि आपने शायद तस्वीरें देखी होंगी। हम पोदेरा में बीच पर थे। हमने समुद्र के पानी से नमक अलग करने के पोर्टेबल यंत्र से लैस जीप की सवारी की जिसकी इजरायली उद्यमियों ने खोज की। हमने भूमध्य सागर में उतरने से पहले अपने जूते निकाले और समुद्र का पानी पिया जिसे कुछ मिनट पहले ही शुद्ध किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले साल इजरायल ने कई विश्व नेताओं की मेजबानी की और छह अलग-अलग महाद्वीपों की यात्रा की थी।