
काराकास। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की हत्या का प्रयास के बाद यहां के नागरिकों ने उनके समर्थन में एक रैली निकाली। राष्ट्रीय संविधान सभा (एएनसी) के अध्यक्ष डियोसडाडो कैबेलो ने रैली का नेतृत्व किया, इस दौरान हजारों सरकार समर्थकों ने लाल रंग के कपड़े पहने और काराकास मुख्य शहर में एकत्र हुए। यहां से समर्थकों ने मिराफ्लोरस के राष्ट्रपति मुख्यालय तक मार्च निकाला। बता दें कि लाल रंग सत्तारूढ़ सोशलिस्ट पीएसयूवी पार्टी का रंग है।
शनिवार को राष्ट्रपति पर हुआ था हमला
वेनेजुएला के नेशनल गार्ड की 81वीं वर्षगांठ पर बीते शनिवार को एक समारोह के दौरान दो ड्रोन राष्ट्रपति आसन के करीब उड़ते हुए आए और उनमें विस्फोट हो गया, इस दौरान मादुरो भाषण दे रहे थे। मादुरो को चोट नहीं आई लेकिन कई अन्य इस हमले में घायल हो गए थे। अधिकारियों ने इस हत्या के प्रयास के संबंध में कम से कम छह लोगों को गिरफ्तार किया है। कैबेलो ने कहा, "यह हमला केवल मादुरो के खिलाफ नहीं बल्कि लोगों और अधिकारियों के लिए भी था।" इस हमले के लिए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने चरमपंथी गुटों, कोलंबिया के निर्वतमान राष्ट्रपति जुआन मैनुअल सांतोस और अमरीका को जिम्मेदार ठहराया था।
हत्या की साजिश से अमरीका का इनकार
उधर, अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो के हत्या के प्रयास में अमरीकी सरकार का हाथ होने से इनकार किया है। बोल्टन ने कहा, "यदि वेनेजुएला की सरकार के पास इस तरह की कोई जानकारी है तो उन्हें हमारे साथ साक्षा करनी चाहिए और हम गंभीरता से इस पर कार्रवाई करेंगे।" बता दें कि मदुरो के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर अमरीका के किसी भी शख्स और कंपनी के वेनेजएला सरकार और वहां की कंपनी के साथ व्यापार पर प्रतिबंध लगा दिया था।