Highlights वेबसाइट हैक की सबसे पहले जानकारी ट्विटर यूजर गैब्रिएल लोरेंन्‍जो ग्रेशस्‍केलर ने दी। तीन नवंबर को अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं।
वॉशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की कैंपेन वेबसाइट मंगलवार को हैक हो गई। करीब 30 मिनट तक हैकर्स अपना कब्जा जमाए रहे। वेबसाइट हैक की सबसे पहले जानकारी ट्विटर यूजर गैब्रिएल लोरेंन्जो ग्रेशस्केलर ने दी।
ग्रेशस्केलर ने ट्रंप की हैक्ड वेबसाइट का स्क्रीन शॉट लेकर पोस्ट किया था। गौरतलब है कि तीन नवंबर को अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। फाइनल वोटिंग से पहले जारी अर्ली वोटिंग जारी है। ट्रंप और डेमोक्रेट जो बिडेन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।
क्या लिखा था हैकर्स ने
गैब्रिएल ने अपने ट्वीट में लिखा है कि वह क्लाइमेट चेंज पर एक लेख को तलाश रहा था। तभी उनकी नजर ट्रंप की हैक वेबसाइट पर पड़ी। उस पर लिखा था, 'दुनिया अब राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप की तरफ से फैलाई जा रही फेक न्यूज से त्रस्त हो चुकी है। अब समय आ गया है कि जब दुनिया को सच्चाई से रूबरू कराया जाए।' वेबसाइट जल्द ही ऑफलाइन हो गई और इसे बाद में हैकर्स के मैसेज के बिना रि-स्टोर कर लिया गया।
एजेंसियों ने शुरू की मामले की जांच
इस हैकिंग पर ट्रंप कैंपेन के प्रवक्ता टिम मर्टाव ने कहा कि वेबसाइट हैक होने के बाद अब एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इस हमले के पीछे कौन जिम्मेदार था। दरअसल क्रिप्टोकरेंसी के जरिए इस वेबसाइट को हैक किया गया था। इसके जरिए केवल लेनदेन होता है। ऐसे में हैकर्स को पकड़ना मुश्किल है। दरअसल इस साइट पर इस तरह के संदेश की पड़ताल करना मुश्कि हो जाता है।
एजेंसियों ने इस बात का भरोसा दिलाया है कि वेबसाइट से किसी भी तरह के संवेदनशील डाटा की चोरी नहीं हुई है। वेबसाइट को बहाल कर लिया गया है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप को इस तरह की मुसीबत का सामना करना पड़ा है।