
वाशिंगटन। चीन में शनिवार को संसद के औपचारिक सत्र शुरू हुआ। इस बार वहां के राष्ट्रपति निर्वाचन को लेकर एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन किए जाने की उम्मीद है। जिसके बाद चीन के राष्ट्रपति सी जिनपिंग के आजीवन राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ हो जाएगा। इस खबर पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा कि हो सकता है कभी ऐसा हो कि अमरीका में भी कोई राष्ट्रपति आजीवन रहे।
चीन पर दी ये प्रतिक्रिया
ट्रंप ने इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेरे विचार में यह अच्छी खबर है कि चीन में अब राष्ट्रपति आजीवन अपने पद पर बने रह सकते हैं। इसके बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में उम्मीद जताई कि हो सकता है कि अमरीका में भी कभी कोई आजीवन राष्ट्रपति हो। बता दें कि ट्रंप ने यह टिप्पणी साउथ फ्लोरिडा एस्टेट में की, जहां उन्होंने रिपब्लिकन दानकर्ताओं के लिए भोज आयोजित किया था।
हिलेरी पर फिर साधा निशाना
चीन पर प्रतिक्रिया देने के अलावा ट्रंप ने यहां एक बार फिर अपने प्रतिद्वंदी हिलेरी क्लिंटन पर निशाना साधा और उनपर धांधली के आरोपों क दोहराया। साथ ही उनका कहना था कि ईरान पर अतिक्रमण अब तक का सबसे गलत फैसला था।
शी जिनपिंग का आजीवन राष्ट्रपति बनना लगभग तय
आपको बता दें कि चीन में अब तक किसी भी नेता के राष्ट्रपति पद पर बने रहने के लिए सिर्फ दो कार्यकाल की सीमा निर्धारित थी। लेकिन शनिवार को शुरू हुए संसद सत्र में वहां के संविधान में इससे जुड़ा संशोधन किए जाने की पूरी उम्मीद है। जिसके बाद चीन के वर्तमान राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आजीवन इस पद पर बना रहना पक्का हो जाएगा। बता दें कि संसद के वार्षिक सत्र के दौरान सत्ताधारी कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (CPC) की ओर से चाइनीज पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस (CPPCC) और विधानमंडल नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (NPC) के करीब 5000 प्रतिनिधि पूर्ण सत्र आयोजित कर इस साल के लिए तैयार अजेंडे पर विचार-विमर्श करेंगे।