अमेठी

Amethi SP Sarvanan T: 778 गिरफ्तारियां और 47 नाबालिग बच्चियों की बरामदगी, जानिए कौन हैं अमेठी SP सरवणन टी. जिन्हें मिला DGP का गोल्ड सम्मान

DGP Commendation Disc Gold: अमेठी के SP सरवणन टी. को स्वतंत्रता दिवस पर DGP के ‘प्रशंसा चिह्न गोल्ड’ से सम्मानित किया गया। उनके नेतृत्व में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत 778 अपराधियों की गिरफ्तारी और 47 नाबालिग बच्चियों की बरामदगी हुई।
2 min read
Aug 15, 2026
Amethi SP Sarvanan T
IPS सरवणन T.(photo- x @saravanan_ips_)

Amethi SP Sarvanan T Award: 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश पुलिस में अमेठी का नाम भी सम्मान के साथ दर्ज हुआ है। जिले के पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. को बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डीजीपी के ‘प्रशंसा चिह्न गोल्ड’ (Commendation Disc Gold) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके नेतृत्व में जिले में चलाए गए अभियानों और पुलिस की कार्यशैली में किए गए बदलावों के लिए दिया गया है।

तकनीक और डेटा के सहारे पुलिसिंग पर जोर

मूल रूप से तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के रहने वाले सरवणन टी. 2019 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने वाले सरवणन को तकनीक और डेटा आधारित पुलिसिंग के लिए जाना जाता है। अमेठी से पहले वाराणसी में तैनाती के दौरान भी उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर खास फोकस किया था। तकनीकी जांच और साइबर क्राइम एनालिसिस की मदद से पुलिस ने कई मामलों में आरोपियों तक पहुंच बनाई।

अमेठी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ बना खास पहचान

अमेठी की कमान संभालने के बाद एसपी सरवणन टी. ने अपराधियों की गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ शुरू किया। इस अभियान में पारंपरिक पुलिस चेकिंग के साथ अपराध के पुराने आंकड़ों और तकनीकी विश्लेषण का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, 1 मार्च से अभियान के तहत 778 शातिर अपराधियों और वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान आठ पुलिस मुठभेड़ भी हुईं। इस अभियान का एक अहम पहलू महिलाओं और नाबालिगों की तलाश से जुड़ा रहा। पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत 47 अपहृत नाबालिग लड़कियों और 15 लापता महिलाओं को बरामद कर उनके परिवारों तक पहुंचाया गया।

महाभारत की रणनीति से लिया ‘चक्रव्यूह’ का आइडिया

एसपी सरवणन टी. के मुताबिक, ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ का नाम महाभारत की रणनीति से प्रेरित है। इसका मकसद अपराध करने के बाद भागने वाले आरोपियों के रास्ते को पहले से समझकर पुलिस की निगरानी मजबूत करना है। इसके लिए पुलिस ने पिछले तीन साल के संपत्ति संबंधी अपराधों का डेटा खंगाला। अपराध किस इलाके में हुए, किस रास्ते से आरोपी निकल सकते हैं और किन स्थानों पर निगरानी ज्यादा प्रभावी हो सकती है, इन तमाम बिंदुओं का विश्लेषण किया गया। इसी आधार पर जिले के प्रमुख रास्तों और सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग प्वाइंट तैयार किए गए। कोशिश यह है कि किसी वारदात के बाद भागने वाला संदिग्ध पुलिस की कम से कम एक चेकिंग टीम की नजर से जरूर गुजरे।

सम्मान को पुलिस टीम की मेहनत से जोड़ा

एसपी सरवणन टी. को मिला यह सम्मान सिर्फ एक अधिकारी की उपलब्धि के तौर पर नहीं, बल्कि जिले की पुलिस टीम के सामूहिक प्रयास की पहचान के रूप में भी देखा जा रहा है। अपराध नियंत्रण के साथ गुमशुदा लोगों और अपहृत नाबालिगों की बरामदगी पर दिया गया जोर पुलिसिंग के मानवीय पक्ष को भी सामने लाता है। ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के जरिए अमेठी पुलिस ने तकनीक, पुराने अपराध रिकॉर्ड और जमीनी निगरानी को एक साथ जोड़ने की कोशिश की है। इसी काम के लिए स्वतंत्रता दिवस पर एसपी सरवणन टी. को डीजीपी का प्रशंसा चिह्न गोल्ड मिलना जिले के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।

Updated on:
15 Aug 2026 05:26 pm
Published on:
15 Aug 2026 05:26 pm