अमेठी

कांग्रेस नेता का ऐलान- यूपी के इस लोकसभा से चुनाव लड़ेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता अजय राय ने दावा किया है कि राहुल गांधी यूपी से चुनाव लड़ेंगे। जहां से उनकी मां लोकसभा चुनाव लड़ी थीं।
2 min read
Dec 14, 2022
rahul_gandhi.jpg

2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी यूपी के अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश के प्रांतीय प्रमुख अजय राय ने दावा किया है। उन्होंने अमेठी की जनता से राहुल गांधी को भारी वोटों से विजयी बनाने की अपील की है।

अजय राय ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। उन्होंने कहा, "अमेठी से नेहरू-गांधी परिवार का पारिवारिक रिश्ता है। गांधी-नेहरू परिवार के अमेठी से पुराने पारिवारिक संबंध है, इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता है। राहुल गांधी अमेठी से 2024 में चुनाव लड़ेंगे।"

अमेठी से लगातार 3 बार सांसद थे राहुल गांधी
राहुल गांधी 2019 के चुनाव में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे। उससे पहले उन्होंने लगातार 3 बार अमेठी संसदीय सीट से सांसद बने थे। उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे। अजय राय ने 2014 के साथ-साथ 2019 में भी वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था।

3-4 जनवरी को यूपी में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी की पिछले 97 दिनों से चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बारे में राय ने कहा, "यह अभी राजस्थान से होकर गुजर रही है, जिसके बाद यह अगले साल 3 या 4 जनवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। उससे पहले कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के द्वारा जगह-जगह पर प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।

25 किलोमीटर चलेगी अमेठी में यात्रा
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा छह प्रांतीय प्रमुख भी नियुक्त कर रखे हैं। अजय राय ने बताया, "पिछले 11 दिसंबर से भारत जोड़ो प्रादेशिक यात्रा उनके के नेतृत्व में प्रयागराज से शुरू की गई। कौशांबी प्रतापगढ़ होते हुए आज 14 दिसंबर को अमेठी पहुंची है। उन्होंने बताया, "अमेठी में यह यात्रा 25 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें जगह-जगह पर इस यात्रा का स्वागत किया जा रहा है।"

"22 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी यात्रा"
इस यात्रा का जगह-जगह पर लोगों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। यह यात्रा अमेठी के बाद सुल्तानपुर पहुंचेगी। वहां से जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, सोनभद्र होते हुए अंत में वाराणसी में 22 दिसंबर को वह समाप्त होगी। राय ने कहा, "भाजपा सरकार में हर जगह तनाव बना है। राहुल जी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताया था, आज वह सही साबित हो रहा है।"

जीएसटी को लेकर भय व्याप्त
उन्होंने कहा, "व्यापारियों में जीएसटी को लेकर भय है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी आज से नहीं, काफी समय से भारतीय जनता पार्टी का तन-मन-धन से समर्थन करता आ रहा है, जबकि आज वह प्रताड़ित हो रहा है। उन्होंने सवालिये लहजे में कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि चोरों पर कार्यवाही करो, क्या इसका मतलब व्यापारी आज चोर हो गया है।

ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस यात्रा में कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के साथ-साथ अमेठी जनपद से कांग्रेस पार्टी के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह एवं पूर्व प्रभारी माता प्रसाद वैश्य, आशीष शुक्ला, आकर्ष शुक्ला, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश दुबे सहित पार्टी के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखा।

Updated on:
14 Dec 2022 09:22 pm
Published on:
14 Dec 2022 09:21 pm